सिर्फ पैसे निकालने का ही नहीं, ये 10 काम भी करता है आपका ATM
नई दिल्ली। आज के समय में अधिकतर लोगों के पास एटीएम कार्ड है, क्योंकि एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर अपने अकाउंट से पैसा निकालना बैंक जाकर पैसे निकालने से बहुत अधिक आसान है। हालांकि, ये देखा गया है कि अधिकतर लोग अपने एटीएम कार्ड का इस्तेमाल सिर्फ पैसे निकालने के लिए करते हैं।
क्या आपको पता है कि आपका एटीएम पैसे निकालने के अलावा भी बहुत सारे काम कर सकता है? आइए जानते हैं कौन-कौन से काम आप एटीएम की मदद से कर सकते हैं। तो ये है एयरटेल के 5 जीबी मुफ्त इंटरनेट डेटा की हकीकत, जानिए कंपनी ने कैसे की कमाई

1- पिन बदलना
अगर आपको अपने एटीएम कार्ड का पिन बदलना है तो एटीएम से आप अपना पिन बदल सकते हैं। एटीएम कार्ड का पिन समय-समय पर बदलते रहना चाहिए, ताकि एटीएम से होने वाले फ्रॉड से आपको छुटकारा मिल सके।
हाल ही में ऐसी कई खबरें आई हैं, जिनमें ये देखने को मिला है कि कुछ लोगों के खातों से एटीएम का इस्तेमाल करके पैसे निकाले गए हैं। इसके बाद बैंकों ने ग्राहकों को मैसेज करके भी अपना पिन नंबर बदलने की सलाह दी थी।

2- खाते में पैसों की जानकारी
आपके खाते में कितने पैसे हैं अगर आपको ये जानना है तो आप इसके लिए भी एमटीएम का इस्तेमाल कर सकते हैं। खाते की जानकारी आपको रसीद से भी मिलती है और एटीएम की स्क्रीन पर भी दिखती है।
कोशिश करें कि इसके लिए रसीद न निकालें, ताकि कागज की बर्बादी न हो। इस तरह से आप भी पर्यावरण को बचाने में अपना योगदान दे सकेंगे। कम कागज खर्च होगा तो कम पेड़ कटेंगे। इस तरह आप पर्यावरण को हरा-भरा रखने में मददगार हो सकते हैं।

3- मिनी स्टेटमेंट
कई बार हम अपने खाते से बहुत सी ट्रांजैक्शन कर देते हैं और बाद में हमें यह याद नहीं रहता कि हमने खाते से कितने पैसे खर्च कर दिए और कहां-कहां खर्च किए हैं। ऐसी स्थिति में मिनी स्टेटमेंट काफी मददगार होता है।
एटीएम पर जाकर आप अपने अकाउंट का एक मिनी स्टेटमेंट निकाल सकते हैं, जिसमें आपके अकाउंट की आखिरी 10 ट्रांजैक्शन दी रहती हैं। यदि आपको अपने अकाउंट की 10 से अधिक ट्रांजैक्शन के बारे में जानना है तो फिर आपको इंटरनेट बैंकिंग का सहारा लेना होगा या फिर बैंक से स्टेटमेंट निकलवाना होगा।

4- पैसे ट्रांसफर
बहुत से लोगों को यह पता नहीं होता है कि एटीएम का इस्तेमाल पैसे ट्रांसफर करने के लिए भी किया जाता है। हालांकि, एटीएम से पैसे ट्रांसफर करने में एक सबसे बड़ी शर्त यह होती है कि आप पैसे कार्ड से उसी बैंक के किसी दूसरे कार्ड नंबर पर ट्रांसफर कर सकते हैं।
एटीएम के जरिए किसी दूसरे बैंक के कार्ड पर पैसे ट्रांसफर नहीं होते हैं। इसके अलावा आप एक दिन में 40,000 रुपए तक ट्रांसफर कर सकते हैं। अगर आपको 40,000 से अधिक पैसे ट्रांसफर करने हैं या फिर किसी दूसरे बैंक के ग्राहक को पैसे भेजने हैं तो फिर आपको इंटरनेट बैंकिंग का सहारा लेना होगा।

5- क्रेडिट कार्ड का भुगतान
क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल आज के समय में बहुत अधिक बढ़ गया है। अधिकतर लोग अपने क्रेडिट कार्ड का भुगतान इंटरनेट बैंकिंग के जरिए करना पसंद करते हैं, लेकिन कई बार इंटरनेट की दिक्कत या किसी और परेशानी के चलते वह इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं।
ऐसे समय पर क्रेडिट कार्ड का भुगतान करने के लिए एटीएम बहुत ही मददगार साबित होता है। अधिकतर बैंक सिर्फ अपने बैंक के कार्ड का भुगतान करने का विकल्प देते हैं, लेकिन कुछ बैंक अन्य कंपनियों के कार्ड के भुगतान का विकल्प भी देती हैं। जैसे आपका एसबीआई क्रेडिट कार्ड मास्टर कार्ड कंपनी का है, लेकिन एसबीआई के एटीएम से आप वीजा कार्ड का भुगतान भी आसानी से कर सकते हैं।

6- लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम
अगर आपने अपने बैंक से जीवन बीमा पॉलिसी या फिर कोई और बीमा पॉलिसी ली हुई है तो भी एटीएम आपके लिए काफी मददगार है। आप एटीएम का इस्तेमाल करके अपनी बीमा पॉलिसी का प्रीमियम भर सकते हैं। हालांकि, अधिकतर बैंक अपने एटीएम से सिर्फ अपने ही बैंक द्वारा दी गई बीमा पॉलिसी का भुगतान करने का विकल्प देते हैं।

7- मोबाइल रिचार्ज
कई बार मोबाइल रिचार्ज के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ता है, लेकिन उन्हें ये पता ही नहीं होता कि उनका एटीएम भी मोबाइल रिचार्ज करने के लिए इस्तेमाल में आ सकता है।
बहुत से बैंक मोबाइल रिचार्ज करने की सुविधा मुहैया कराते हैं। रात में अचानक मोबाइल रिचार्ज की जरूरत पड़ जाए या छुट्टी के दिन जरूरत पड़ जाए, तो कोई दुकान खुली न होने की स्थिति में भी आपका एटीएम हमेशा खुला रहता है।

8- चेक बुक की मांग
अगर आप चेक बुक का अधिक इस्तेमाल करते हैं और नई चेक बुक के लिए बैंक नहीं जा पा रहे हैं तो आप अपने एटीएम का इस्तेमाल करके भी चेक बुक की रिक्वेस्ट कर सकते हैं।
आपको बता दें, एटीएम से चेक बुक रिक्वेट करने के बाद यह चेक बुक सीधे आपके पते पर भेजी जाएगी। इसलिए बैंक में आपने जो पता लिखवाया है, उसे अपडेट जरूर रखें। जो लोग दिन भर व्यस्त रहते हैं और बैंक नहीं जा पाते, उनके लिए यह बहुत ही अच्छी सुविधा है।

9- बिल का भुगतान
बहुत से बैंक यूटीलिटी बिल के भुगतान का विकल्प भी देते हैं। इसका मतलब है कि आप अपने एटीएम का इस्तेमाल करके ही बिजली-पानी के बिल का भुगतान कर सकते हैं।
इसके लिए आपको न किसी मोबाइल बैंकिंग की जरूरत होगी, न ही बिल जमा करने के लिए लंबी लाइनों में लगकर अपना समय बर्बाद करना होगा।

10- मोबाइल बैंकिंग रजिस्ट्रेशन
अगर आप मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल करना चाहते हैं, लेकिन अभी तक मोबाइल बैंकिंग के लिए रजिस्टर नहीं करवाया है तो भी आपका एटीएम आपकी मदद कर सकता है।
अधिकतर एटीएम मोबाइल बैंकिंग के लिए रजिस्टर करने और उसका रजिस्ट्रेशन रद्द करने की सुविधा एटीएम पर ही दे देते हैं। इसके चलते आपको बैंक के चक्कर नहीं लगाने होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications