बिटकॉइन के बाद ईथर भी ऑल टाइम हाई लेवल पर, निवेशकों को कर रही मालामाल
नई दिल्ली, 3 नवम्बर। वो दिन पुराने हो गए जब क्रिप्टोकरेंसी बाजार में सिर्फ बिटकॉइन ही छाई रहती थी। अब यहां दूसरी क्रिप्टोकरेंसी न सिर्फ निवेशकों को खूब मुनाफा दे रही हैं बल्कि ऊंचाई के नित नए रिकॉर्ड भी बन रहे हैं। बुधवार को एथेरियम ब्लॉकचेन की करेंसी ईथर अपने अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गई है। इसके कुछ दिन पहले ही पिछले महीने के आखिर में बिटकॉइन ने 66000 डॉलर के पार पहुंचकर नया रिकॉर्ड सर्वोच्च स्तर स्थापित किया था।

एथेरियम ब्लॉकचेन का डिजिटल टोकन बुधवार को पिछले दिन के 46,00 डॉलर से आगे बढ़ते हुए 4643 डॉलर पर खुला और इस तरह इसने एक सप्ताह में 10 प्रतिशत से अधिक की जोरदार बढ़त लेते हुए निवेशकों की खूब मुनाफा दिलाया है।
बिटकॉइन के साथ दूसरे टोकन में भी तेजी
पिछले महीने 20 अक्टूबर को दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन के अपने सर्वोच्च स्तर 66,976 डॉलर पर पहुंचने के बाद से दूसरे डिजिटल टोकन में भी तेजी आई है और आए दिन कोई न कोई टोकन ऊंची छलांग लगा रहा है जिससे निवेशकों में उत्साह बना हुआ है।
बुधवार सुबह बिटकॉइन 63,078 डॉलर पर कारोबार कर रही थी और इस साल यह 117 प्रतिशत ऊपर आई है जबकि ईथर में छह गुना की वृद्धि दर्ज की गई है।
ईथर को लेकर बाजार में उम्मीद
क्रिप्टो बाजार पर नजर डालें तो सितम्बर के बाद से आए बदलाव के बाद से ईथर ने बिटकॉइन और दूसरे वर्चुअल टोकन के साथ मजबूत रैली देखी है।
क्रिप्टो रणनीतिकार एथेरियम को संभावित रूप से लंबे समय तक बाजार की भावना के उत्थान में एक महत्वपूर्ण टोकन के रूप में देख रहे हैं। इसके साथ ही एथेरियम को एनएफटी और मेटावर्स इकोसिस्टम के निर्माण में एक प्रमुख भूमिका निभाने की भी संभावना जताई जा रही है।
हाल ही में फेसबुक इंक के मेटा में रीब्रांड करने की घोषणा और मेटावर्स (आभासी दुनिया) बनाने पर फोकस करने के बाद छोटे टोकन में भी तेजी से रुचि बढ़ी है।












Click it and Unblock the Notifications