आधार कार्ड को रेलवे टिकट बुकिंग से जोड़ने की तैयारी, ताकि न हो कोई दुरुपयोग
नई दिल्ली। जल्द ही रेलवे टिकट पर छूट पाने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य हो सकता है। रेलवे इसके लिए यूआईडीएआई से बात करने की योजना बना रहा है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि रेलवे टिकट पर मिलने वाली छूट का फायदा सही व्यक्ति को मिल सके।

रेलवे मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वित्त मंत्रालय ने सभी मंत्रालयों से यह पूछा है कि आखिर उनके मंत्रालयों के किस-किस क्षेत्र में आधार कार्ड आधारित वेरिफिकेशन प्रक्रिया को लागू किया जा सकता है। इनमें रेलवे मंत्रालय भी शामिल है।
एलपीजी और पासपोर्ट सेवा के साथ आधार कार्ड को लिंक करने के बाद अब सरकार का फोकस रेलवे की तरफ मुड़ गया है। सरकार रेलवे टिकट बुकिंग के साथ भी इसे लिंक करना चाहती है।
आपको बता दें कि रेलवे में वरिष्ठ नागिरकों, मरीजों, प्रख्यात आर्टिस्ट और स्पोर्ट्समैन को रेल किराए में छूट दी जाती है। कोई इस सेवा का दुरुपयोग करके टिकट न बुक कराए, इसलिए सरकार ने ऐसी योजना बनाई है।
एक अधिकारी ने कहा कि हम इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं आधार कार्ड को टिकटिंग सिस्टम के साथ कैसे लिंक किया जा सकता है, ताकि टिकट बुक करने से पहले उसका वेरिफिकेशन किया जा सके।
हालांकि, आधार कार्ड लिंक कर के वेरिफिकेशन के जरिए दुरुपयोग को तो रोका जा सकेगा, लेकिन ऐसा होने पर टिकट बुक होने की प्रक्रिया धीमी हो जाएगी। आपको बता दें कि वर्तमान में रेलवे प्रति मिनट 15000 टिकट बुक करता है, लेकिन आधार कार्ड लिंक हो जाने के बाद ऐसा नहीं हो पाएगा।












Click it and Unblock the Notifications