कैब ड्राइवर के खाते में गलती से जमा हुए थे 9000 करोड़, अब बैंक CEO को देना पड़ा इस्तीफा
हाल ही में चेन्नई से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक शख्स के खाते में अचानक से 9000 करोड़ रुपये आ गए। हालांकि कुछ देर बाद बैंक ने उसे वापस ले लिया। इस घटना को लेकर बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ ने बड़ा कदम उठाया है।
ये गलती तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक (टीएमबी) से हुई थी। घटना के एक हफ्ते बाद उसके सीईओ एस कृष्णन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि उन्होंने उस गलती का जिक्र इस्तीफे में नहीं किया, बल्कि इसके पीछे की वजह निजी कारणों को बताया है।

कृष्णन ने अपने त्यागपत्र में लिखा कि मेरा अभी भी लगभग दो-तिहाई कार्यकाल बाकी है, लेकिन मैंने व्यक्तिगत कारणों से बैंक के प्रबंध निदेशक और सीईओ के पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है।
कृष्णन ने सितंबर 2022 में बैंक के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला था। वहीं गुरुवार को थूथुकुडी स्थित बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग हुई। जिसमें उनका इस्तीफा स्वीकर कर लिया गया। साथ ही उसे भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को फॉरवर्ड कर दिया गया।
बैंक ने मामले में आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि आरबीआई को कृष्णन का त्यागपत्र भेज दिया गया है, जब तक उसकी ओर से कोई निर्देश नहीं आते, तब तक वो एमडी और सीईओ बने रहेंगे। वहां से अपडेट आते ही इस बारे में सूचित किया जाएगा।
कैब ड्राइवर ने इसे समझा स्कैम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राजकुमार नाम के कैब ड्राइवर का खाता मर्केंटाइल बैंक में था। एक हफ्ते पहले उसके खाते में अचानक से 9000 करोड़ रुपये आ गए। उसको लगा कि ये कोई स्कैम है, ऐसे में उसने अपने दोस्त के खाते में 21 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसे यकीन हो गया कि उसके खाते में सच में पैसे आए हुए हैं। हालांकि आधे घंटे के अंदर ही बैंक ने बाकी का पैसा वापस ले लिया।












Click it and Unblock the Notifications