अचानक एक्टिव हुए 17 क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट, 62,789 करोड़ रुपये के बिटकॉइन की खरीद, जानिए वजह
नई दिल्ली, 22 जुलाई। पिछले दो महीने से क्रिप्टो मार्केट लाल रंग में कारोबार कर रहा है। इसी दौरान दिसंबर 2018 से निष्क्रिय पड़ा व्हेल खातों का एक समूह एक्टिव हो गया है और उनके खातों में 62,789 करोड़ रुपये के बिटकॉइन की खरीद की गई। इससे भी चौंकाने वाली बात ये है कि इन सभी व्हेल खातों में डिजिटल कॉइन को लगभग एक ही समय में जोड़ा गया है।

BitInfoCharts के अनुसार इन व्हेल अकाउंट के पते से 84.18 करोड़ डॉलर (लगभग 62,789 करोड़ रुपये) के 28,377 बिटकॉइन खरीदे गए। ये सभी खरीदारी 17 जुलाई और 18 जुलाई को सिंक्रोनाइज्ड तरीके से की गई थी। सप्ताहांत से पहले इन खातों में सामूहिक रूप से 8,000 बिटकॉइन ही मौजूद थे।
एक ही समय में एक्टिव हुए खाते
ये सभी खाते एक ही समय में निष्क्रिय हुए थे और उसी दिन खरीदारी करने के लिए फिर से एक्टिव हुए। इससे पता चलता है कि ये रहस्यमयी खाते शायद एक ही व्यक्ति या व्यक्तियों के समूह के स्वामित्व में हैं। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है।
खास बात यह है कि ये सभी खाते एक पैटर्न का पालन कर रहे हैं। बिटइन्फोचार्ट का डेटा पुष्टि करता है कि कम से कम चार खातों से 8 जुलाई को बिटकॉइन की खरीद की गई जबकि अन्य चार ने 17 जुलाई को लगभग उसी समय खरीदारी की। तीन और खातों ने उसी दिन बाद में लेनदेन पूरा किया।
बिटकॉइन में भारी गिरावट के बीच खरीदारी
खरीदारी ऐसे समय में हुई है जब पिछले दो महीनों में बिटकॉइन में भारी गिरावट दर्ज की गई है और यह अप्रैल के सर्वोच्च स्तर से आधे से भी कम पर कारोबार कर रही है। गुरुवार को बिटकॉइन 32,000 डॉलर के आस-पास कारोबार कर रही थी।
मई के पहले पखवाड़े में एलन मस्क ने पिछले फैसले से यू-टर्न लेते हुए घोषणा की थी टेस्ला अब बिटकॉइन में भुगतान स्वीकार नहीं करेगी जिसके बाद बिटकॉइन में गिरावट शुरू हुई। इसके बाद पर्यावरण की चिंताओं को देखते हुए कई सरकारों ने बिटकॉइन माइनिंग पर रोक लगाने की कार्रवाई शुरू की गई।
व्हेल खाते क्रिप्टोकरेंसी के खिलाड़ियों के बीच लोकप्रिय सिक्कों का एक बड़ा हिस्सा खरीदने और रखने के लिए लोकप्रिय हो गए हैं। लेकिन इसके साथ नुकसान यह है कि इन खातों में किसी भी क्रिप्टोकरेंसी की कीमत को प्रभावित करने की शक्ति है। ताजा मामले में ही अगर देखा जाए तो बड़े पैमाने पर लेनदेन के बाद से बिटकॉइन की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई है।












Click it and Unblock the Notifications