बुलंदशहर: छात्रा ने छेड़छाड़ की घटना से आहत होकर की खुदकुशी, आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया था
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश का बुलंदशहर जिला एक बार फिर सुर्खियों में है, इसकी वजह बेहद डराने वाली है। दरअसल, बुलंदशहर जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र में एक 14 साल की नाबालिग लड़की ने छेड़छाड़ से आहत होकर आत्महत्या कर ली। छेड़छाड करने का आरोप भी गांव के ही तीन युवकों पर लगा है। बताया जा रहा है कि युवकों ने छेड़छाड़ का वीडियो भी बना लिया था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि तीनों आरोपी फरार है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस कर रही है।
Recommended Video

क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक, घटना बुलंदशहर जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां 14 साल की एक नाबालिग लड़की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (अस्पताल) से दवाई लेकर वापस अपने घर लौट रही थी। तभी उसके गांव के तीन युवकों ने उसका हाथ पकड़कर खेत मे खींच लिया। आरोपियों ने उससे छेड़छाड़ की और इसी दौरान वीडियो भी बना लिया। छेड़छाड़ और वीडियो बनाए जाने से आहत छात्रा ने घर आने पर जहर खाकर जान दे दी।
गुरुग्राम में नौकरी करते है पिता
मृतक छात्रा के पिता का कहना है कि वह गुरुग्राम में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते है। 31 अगस्त की शाम को गांव के लोगों ने फोन कर बेटी के मरने की खबर दी। गांव पहुंचे पिता ने 31 अगस्त की रात को ही बिना पुलिस को सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस बीच कोतवाली पुलिस को किसी ग्रामीण ने किशोरी की मौत होने से संबंधित सूचना दे दी। जिस पर पुलिस गांव पहुंची और पूछताछ की।
पिता ने गांव के तीन युवकों के खिलाफ दी तहरीर
पूछताछ में किशोरी के पिता ने छेड़छाड़ से परेशान होकर जान देने का आरोप लगाया। मंगलवार की शाम छात्रा के पिता की तहरीर पर गांव निवासी सोनू, योगेश और गोलू के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। मामले में कोतवाली प्रभारी उमेश चंद्र पांडे ने बताया कि किशोरी की मौत का मामला संदिग्ध है। हालांकि पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या कहा पुलिस ने
शिकारपुर सीओ गोपाल सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी जब पुलिस को मिली तो खुद पुलिस ने मृतका के परिजनों से संपर्क किया। उनकी तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications