बुलंदशहर हिंसा: इंस्पेक्टर सुबोध कुमार को जिसने मारी गोली, वीडियो में दिखा वो!
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 3 दिसंबर को हुई हिंसा में स्याना इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की गोली मारकर हत्या करने के मामले में एक फौजी का नाम सामने आ रहा है। सूत्रों की मानें तो छुट्टी पर आए फौजी ने ही अवैध कट्टे से इंस्पेक्टर सुबोध को गोली मारी थी। वारदात के बाद फौजी जम्मू भाग गया है। फौजी का वीडियो सामने आने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

फौजी का नाम आया सामने
स्याना थाना क्षेत्र के चिंगरावठी गांव में 3 दिसंबर को गोकशी की सूचना को लेकर जमकर हुए बवाल की FIR में उक्त फौजी का नाम भी सामने आया है। साथ ही वायरल वीडियो में भी फौजी अवैध कट्टे के साथ देखा गया है। इसी को आधार बनाकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस को इस संबंध में एक महत्वपूर्ण वीडियो मिला है, जिसमें फौजी गोली चलाता साफ दिख रहा है। उसके बाद पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने जम्मू में फौजी की यूनिट के अधिकारियों से बात की और फौजी को गिरफ्तार करने के लिए बुलंदशहर से पुलिस की टीम जम्मू के लिए रवाना हो गई है।

फौजी के घर में पुलिस ने की तोड़फोड़
बता दें कि एसआईटी टीम की जांच रिपोर्ट में स्याना इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह को गोली मारने में जीतेंद्र उर्फ जीतू का नाम सामने आने के बाद मीडिया जीतू के घर पहुंची। घर का सामान बिखरा पड़ा था। जीतू के परिजनों ने बताया कि पुलिस ने घर में आकर तोड़-फोड़ की है।
परिजनों से पूछने पर बताया कि हमारे बेटे जीतू का नाम रंजिशन लिया गया है। जीतू की मां की मानें तो उनका बेटा फौजी है और कारगिल में उसकी तैनाती है। जीतू की मां रत्नकौर ने बताया कि पुलिस ने आकर उनके घर की तोड़फोड़ और कार के शीशे भी तोड़ दिए।

क्या हुआ था 3 दिसंबर को
बुलंदशहर जिले के स्याना थाना क्षेत्र के चिंगरावठी गांव में 3 दिसंबर को गोकशी की सूचना पर जमकर बवाल हुआ था। इस दौरान चिंगरावटी गांव में काफी संख्या में हिंदूवादी संगठन और ग्रामीण एकत्र हो गए। गुस्साए लोगों ने चिंगरावटी चौराहे को जाम कर दिया और पुलिस चौकी में खड़े वाहनों में आग लगा दी थी। इस घटना में स्याना इंस्पेक्टर सुबोध कुमार और भाजपा कार्यकर्ता सुमित कुमार की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications