VIDEO: यूपी में इस बार नारियल से नहीं उंगली से ही टूट गई सड़क, लोगों ने यूं खोल दी भ्रष्टाचार की पोल
बुलंदशहर, 23 दिसंबर: उत्तर प्रदेश में सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की पोल खोलता एक और मामला सामने आया है। थाना पहासू क्षेत्र के गांव बलेन में घटिया सामग्री से सड़क बनाई जा रही थी। स्थानीय लोगों ने सड़क को उंगली से खुरचा तो सड़क उखड़ गई। उन्होंने इसका वीडियो भी बनाया और सड़क निर्माण कार्य को रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि 2 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है, लेकिन अधिकारियों की सांठगांठ से ठेकेदार अपनी मनमानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की वीडियो मुख्यमंत्री को भी ट्विटर के माध्यम से भेजा गया है। इस मामले में जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह का कहना है कि सड़क में सामग्री घटिया होने की शिकायत मिली है। जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है। अगर सड़क निर्माण में घटिया सामग्री पाई जाएगी तो निश्चित तौर पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें, इससे पहले भी यूपी के एक जिले में उद्घाटन के दौरान नारियल फोड़ते ही सड़क टूट गई थी।
Recommended Video

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
दरअसल, बुलंदशहर के बनैल गांव में बिजली घर से लगभग 2 किलोमीटर लंबा सड़क निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी द्वारा कराई जा रहा है। बताया जा रहा है कि निर्माण के दौरान ही ग्रामीणों ने सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए। इस दौरान कुछ लोगों ने सड़क को उंगली से खुरचकर देखा तो सड़क उखड़ गई। ग्रामीणों ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो वायरल हो गया।
सपा ने कहा- जनता नहीं करेगी माफ, वोट से देगी जवाब
वीडियो वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर लिखा, ''खुद को दमदार कहने वाली भाजपा सरकार का ईमानदार काम एक बार फिर जनता के सामने है। नारियल से टूटने के बाद अब बनैल गांव में उंगली से टूट गई नवनिर्मित सड़क। भ्रष्टाचार और कमीशंबाजी का ये परिणाम है. जनता नहीं करेगी माफ, वोट से देगी जवाब।''












Click it and Unblock the Notifications