बुलंदशहर: कब्र से गायब हुआ मासूम का शव, परिजनों ने जताई तंत्र-मंत्र की आशंका
बुलंदशहर। खबर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से है, यहां खानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में चार साल के बच्चे का शव कब्र से गायब हो गया। बच्चे का शव कब्र से गायब होने की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने शव चोरी होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। कब्र से शव गायब होने की सूचना पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और गुस्साए लोगों को शांत कराया। साथ ही पूरे मामले की जांच करने की बात कही।
Recommended Video

क्या है पूरा मामला
मामला बुलंदशहर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के थोना गांव का है। गांव निवासी एक चार वर्षीय बच्चे की बुधवार (02 दिसंबर) को बुखार से मौत हो गई थी। बच्चे की मौत के बाद परिवार वालों ने उसके शव को गांव के कब्रिस्ता में दफना दिया। लेकिन उसी रात शव कब्र से निकाल लिया गया। जैसे ही परिवार को इस बात की खबर लगी तो वो शव को दफन करने वाली जगह पर पहुंच गए और शव को देखने के लिए कब्र को खोदा। लेकिन वहां पर शव मौजूद नहीं था। इसको लेकर परिजनों ने घटनास्थल पर जमकर हंगामा किया।
तंत्र-मंत्र के लिए बच्चे का शव गायब
परिवार का आरोप है कि तंत्र-मंत्र के लिए बच्चे का शव निकाला गया है। वहीं, शव गायब होने के बाद बच्चे के परिजन सदमे में है। उनका कहना है कि बच्चे का शव निकालना एक घिनौना काम है। तो वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि इस घटना को लेकर अभी भी ग्रामीणों में आक्रोश है।
पुलिस कर रही है पूछताछ
सीओ स्याना अलका सिंह ने बताया कि पुलिस इस घटना को लेकर गांववालों के साथ-साथ परिवार से भी पूछताछ कर रही है। मामले में पिता की तरफ से तहरीर प्राप्त हुई है, जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। सीओ ने कहा कि मामले में जो भी दोषी है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications