Badaun: सड़क किनारे मिले दो महिलाओं के शवों की गुत्थी सुलझी, रेप करने में असफल हत्यारों ने ऐसे दी थी मौत
उत्तर प्रदेश के बदायूं में 4 जुलाई को हुए दो महिलाओं के दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में पाया गया कि दोनों महिलाओं के साथ एक कोल्ड स्टोरेज में पहले दुष्कर्म का प्रयास किया गया था और विरोध करने पर गला दबाकर उनकी हत्या की गई थी। फिर अगले दिन शवों को पन्नी में बांधकर स्विफ्ट गाडी से ले जाकर सड़क किनारे फेंक दिया था।
डबल मर्डर का 6 दिन में खुलासा
दरअसल, 4 जुलाई की सुबह बदायूं जिले के उसैहत थाना क्षेत्र के बची झझरऊ इलाके में सड़क किनारे दो अज्ञात महिलाओं के अधजले शव मिलने से हड़कंप मच गया था। उस वक्त दोनों शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। शुरुवाती जांच में ऐसा लग रहा था कि चहरे पर तेज़ाब डालकर पहचान मिटाने का प्रयास किया गया है। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस नें दोनो के शवों क़ो कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया और जांच में जुट गई।
रेप करने का था इरादा, असफल होने पर की हत्या
वहीं बदायूं पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा कर दिया है। एसएससी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि 3 जुलाई को ईब्ले हसन उर्फ भर्रा मृतिका मुन्नी को बुलाकर अपने कोल्ड स्टोरेज पर ले गया था। मुन्नी के साथ मृतिका रुखसाना भी आ गई थी। वहीं कोल्ड स्टोर के एक कमरे में पहले रुखसाना के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन उसने इसका विरोध किया तो उसकी दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने मुन्नी के साथ भी गलत काम करने का प्रयास किया और चिल्लाने पर मुन्नी की भी गला दबाकर हत्या कर दी।

पहले पानी के टैंक में छुपाए थे शव
हत्या के बाद आरोपियों ने पहले दोनों के शव मशीन रूम में लगी खिड़की खोलकर चेंबर में रखे और अंधेरा होने पर दोनों शवों को मशीन रूम के पिछले गेट से निकालकर पानी के टैंक में डाल दिया। इसके बाद आरोपी घर चले गए। मयूर गुप्ता, पप्पू उर्फ रामवीर, राम रतन उर्फ रतन पाल व प्रदीप ने बताया कि हम लोगों ने 4 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे टैंक में देखा कि 2 महिलाओं के शव है तो हम लोग घबरा गए। फंस जाने के डर से हम लोगों ने मिलकर दोनों महिलाओं के शव को टैंक से बाहर निकाल कर एक काली पन्नी व दूसरी को पीली पन्नी में लपेट दिया।

सड़क किनारे शवों को फेंक कर फरार
इसके बाद आरोपियों ने शवों को स्विफ्ट डिजायर गाडी की डिग्गी में रखकर थाना उसहैत क्षेत्र में पड़ने वाले बची झझरऊ गांव के पास सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए। वहीं इस मामले में पुलिस ने इब्ले हसन उर्फ भर्रा, अजय शर्मा उर्फ अवधेश, मुकेश पाल, मयूर गुप्ता, पप्पू उर्फ रामवीर यादव, राम रतन उर्फ रतनपाल और प्रदीप को गिरफ्तार कर इनके पास से काली पन्नी, दोनों मृतिकाओं के खून से सने दुपट्टे, प्लास्टिक की रस्सी का टुकड़ा एवं हत्या में प्रयुक्त स्विफट डिजायर कार बरामद की है। उधर एसएसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 15 हजार का ईनाम देने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications