VIDEO: 145 साल से बंद पड़ा था स्वीमिंग पूल, खोलते ही मिली रहस्यमयी चीजें, बिना सिर के थे सैकड़ों पुतले
नई दिल्ली, 1 अगस्त: अगर कोई इमारत पिछले 100-150 साल से बंद पड़ी हो, तो क्या आप उसके अंदर जाने की हिम्मत करेंगे? आप में से ज्यादातर लोगों का जवाब होगा- नहीं, लेकिन बहुत से लोग दुनिया में ऐसे हैं जिन्होंने रहस्यमयी चीजों को खोजने को अपना पेशा बना लिया है। जिसमें एक नाम है यूट्यूबर काइल उर्बेक्स (Kyle Urbex) का। हाल ही में वो ऐसी रहस्यमयी जगह पर अकेले पहुंचे, जो पिछले 145 सालों से बंद थी। (वीडियो-नीचे)

1875 में हुआ था तैयार
काइल उर्बेक्स के मुताबिक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में 19वीं सदी के अंत यानी 1875 में जिम्नेशियम कॉम्प्लेक्स के अंदर एक खूबसूरत स्वीमिंग पूल बनाया गया। उसके साथ ही आसपास लोगों के रहने के लिए 39 फ्लैट भी थे। वहीं उसी के पास एक स्कूल की बिल्डिंग भी मिली। जब ये पूरा प्रोजेक्ट तैयार हुआ तो उसके कुछ दिनों बाद ही अचानक इसे बंद कर दिया गया। जिसकी वजह किसी को नहीं पता। प्रोजेक्ट बंद होने के साथ स्वीमिंग पूल के दरवाजों को ऐसे लॉक किया गया कि कोई उसके अंदर ना जा पाए।

खिड़की से घुसे
उर्बेक्स के मुताबिक शुरू में उन्होंने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वो कामयाब नहीं हुए। इसके बाद वो खिड़की के जरिए उसके अंदर घुसे। साथ ही अंदर का नजारा देख हैरान रह गए। लंबा वक्त बीत जाने के बाद पूल तो पूरी तरह से खराब हो गया था और उस पर इतनी ज्यादा गंदगी थी कि उसे साफ करने में सालों का वक्त लग जाएगा।

अजीब सी चीजें मिलीं
जब यूट्यूबर कुछ और आगे बढ़े तो उन्हें बहुत सी अजीब चीजें मिलीं। पास जाकर देखने पर पता चला कि वो पुतले (मैनिक्विन) थे, लेकिन उनकी हालत तब खराब हुई, जब सभी पुतलों के सिर गायब मिले। इसके बाद उन्होंने उस जगह के बारे में और जानकारी हासिल करनी चाही, लेकिन धीरे-धीरे मामला और ज्यादा गंभीर होता चला गया।

पूल का बेस देख परेशान
जैसे ही उर्बेक्स पूल के बेस की जांच करने पहुंचे, तो वहां पर खून के निशान दिखाई दिए। फिर वो कुछ कमरों में गए, वहां भी सब कुछ बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि अब तक वो 400 से ज्यादा खाली बिल्डिंग्स के अंदर जा चुके हैं, लेकिन ऐसी जगह वो पहले कभी नहीं गए। इस जगह पर उनको सबसे ज्यादा रहस्यमयी चीज वो बिना सिर वाले पुतले ही लगे।
(तस्वीरें साभार- Kyle Urbex)












Click it and Unblock the Notifications