लाखों रुपए की कीमत वाले बैग फाड़-फाड़कर वीडियो अपलोड कर रही हैं रूस की मॉडल, जानिए क्या है वजह
नई दिल्ली, अप्रैल 11। यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद से दुनियाभर के कई देशों ने रूस पर तमाम तरह के प्रतिबंध लगा दिए हैं। इतना ही नहीं कई बड़ी कंपनियों ने तो रूस से अपना कारोबार भी समेटना शुरू कर दिया है। इस बीच फ्रांस की ब्रांडेड लग्जरी क्लॉथ कंपनी Chanel ने अपने उन कस्टमर के लिए अपने प्रोडक्ट की बिक्री को बैन कर दिया है, जो रूस में उसका इस्तेमाल करेंगे। कंपनी के इस कदम का अब विरोध शुरू हो गया है। खासकर रूस में कई फीमेल मॉडल ने कंपनी का विरोध करना शुरू कर दिया है।

कंपनी के विरोध में उतरी इन्फ्लुएंसर
इन दिनों सोशल मीडिया पर कई रूसी इन्फ्लुएंसर और फीमेल मॉडल Chanel कंपनी के इस फैसले के विरोध में अपने ब्रांडेड बैग को फाड़-फाड़कर वीडियो बना रही हैं और फिर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर रही हैं। इस कंपनी के बैग का इस्तेमाल करने वालीं कई महिलाओं ने यह भी दावा किया है कि उनसे इस बात का प्रूफ मांगा जा रहा है कि वो इस बैग का इस्तेमाल में रूस में नहीं करेंगी।

क्यों बैग काट रही हैं यह महिलाएं?
रूसी टीवी प्रजेंटर मरीना एर्मोशकिना ने भी ऐसा ही एक वीडियो बनाया है और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया है। वीडियो में मरीना अपने ब्रांडेड लग्जरी बैग को कैंची से काट रही हैं। उन्होंने वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा है, "मेरे लिए मेरी मातृभूमि के प्यार के आगे कोई बैग, कोई चीज उस लायक नहीं है, इसके लिए मैं अपने सम्मान के साथ समझौता नहीं कर सकती, मैं रूसोफोबिया के खिलाफ हूं, मैं एक ब्रांड के खिलाफ हूं जो रूसोफोबिया का समर्थन करता है।"

कंपनी ने क्यों लगाया था बैन?
एक अन्य रूसी इनफ्लुएंसर विक्टोरिया बोनी ने भी इसी तरह का एक वीडियो बनाया है। वीडियो को पोस्ट करते हुए विक्टोरिया ने कहा है, "कभी भी किसी ब्रांड ने अपने ग्राहकों के प्रति इतना अनादरपूर्ण व्यवहार नहीं दिखाया।" आपको बता दें कि 6 अप्रैल को chanel कंपनी की ओर से घोषणा की गई थी कि वह विदेशों में रूसी कस्टमर को अपने प्रोडक्ट की सेल नहीं करेगा। कंपनी ने यह फैसला रूस द्वारा यूक्रेन पर हमले के जवाब में लिया था। कंपनी ने रूस में अपनी सैलून भी बंद कर दिए थे।












Click it and Unblock the Notifications