Video: 'मैंने रुमाल रखा तो सीट मेरी हुई ना...', बस में सीट को लेकर भिड़ीं दो महिलाएं, जमकर चले घूंसे-थप्पड़
Fight for seat between 2 women: कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद महिलाओं के लिए 'शक्ति योजना' लागू हो चुकी है, जिसके बाद बसों में महिलाएं फ्री यात्रा कर सकती हैं। इस योजना के ऐलान के बाद अब सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सवारियों से भरी बस में, दो महिलाएं सीट के लिए आपस में लड़ रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, ये बस मैसूर से चामुंडी हिल्स जा रही थी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में नजर आ रहा है कि कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस में सीट को लेकर दो महिलाएं एक-दूसरे को मार रही हैं। दोनों एक दूसरे के बाल खींच रही है, घूंसों-थप्पड़ों की बरसात कर रही है। वहीं, बस में सवार बाकी यात्री दोनों को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

बताया जा रहा है दोनों के बीच लड़ाई की वजह ये थी कि इनमें से एक महिला ने बस की एक सीट को रिजर्व करने के लिए अपना रुमाल रख दिया था। इस बीच एक दूसरी महिला आई और रुमाल हटाकर वहां बैठ गई। बस फिर क्या था...दोनों के बीच बहस हुई और देखते ही देखते ये बहस मारपीट में बदल गई।
करीब एक मिनट के इस वीडियो में बच्चों के रोने की आवाज भी सुनाई दे रही है, जो महिलाओं से लड़ाई रोकने के लिए कह रहे हैं। बस में सवार किसी यात्री ने ही इस वीडियो को शूट किया और इसके बाद ये वीडियो फेसबुक, ट्विटर सहित सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है।
देखिए वीडियो:-
9 दिन में 4.24 करोड़ से ज्यादा महिलाओं ने की फ्री बस यात्रा
आपको बता दें कि कर्नाटक सरकार ने हाल ही में 11 जून को शक्ति योजना लागू की थी। योजना लागू होने के बाद से सरकारी बसों में सफर करने वाली महिलाओं की संख्या बढ़ी है। पिछले 9 दिनों के आंकड़े देखें तो इस दौरान 4.24 करोड़ से ज्यादा महिलाओं ने सरकारी बसों में इस योजना का लाभ उठाया है। महिलाओं का ये आंकड़ा परिवहन विभाग की तरफ से ही जारी किया गया है।
गौरलतब है कि पिछले दिनों कर्नाटक सरकार की इस योजना को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ी थी। दरअसल कुछ लोगों ने बसों में फ्री सफर कर रही ऐसी महिलाओं की फोटो शेयर की थी, जिन्होंने मेकअप किया हुआ था और ज्वैलरी पहनी हुई थी। फोटो शेयर करने वाले लोगों का कहना था कि ऐसी सक्षम महिलाओं को फ्री यात्रा की सुविधा नहीं देनी चाहिए। हालांकि कांग्रेस नेता लावण्या बल्लाल ने ऐसे लोगों को एक पोस्ट लिखकर करारा जवाब भी दिया था।












Click it and Unblock the Notifications