तेंदुए के शावकों को मां से जुदा कर घर ले आए ग्रामीण, IFS ऑफिसर का फूटा गुस्सा- 'ये सेल्फी का क्रेज...'
Leopard cubs video: हाल ही में हरियाणा के नूंह जिले के ग्रामीणों को तेंदुए के दो शावक मिले। एक किसान इन शावकों को बिल्ली का बच्चा समझकर घर ले आया और उसे बकरी का दूध भी पिलाने लगा। लेकिन जल्द ही उसे पता लग गया कि बिल्ली का बच्चा समझकर जिस बच्चे को वो घर लाया है वो कुछ और ही है।
जब किसान को पता लगा कि ये बिल्ली नहीं बल्कि तेंदुए के बच्चे हैं तो वन विभाग को इस पूरे मामले की सूचना दी गई। मौके पर विभाग ने जाकर इन दोनों शावकों को बचा लिया। अब दोनों शावकों की तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

हालांकि, इस मामले का संज्ञान लेते हुए भारतीय वन सेवा अधिकारी परवीन कासवान ने एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने सलाह दी कि ऐसी स्थिति में क्या करें और क्या ना करें। उन्होंने इस बात की भी आलोचना की कि छोटे शावकों को वे लोग वहां ले गए जहां लोगों की भीड़ थी।
शावकों के साथ सेल्फी लेने वाले लोगों की तस्वीर पोस्ट करते हुए अधिकारी ने लिखा- ऐसे समय में इसकी जरूरत नहीं है। लोगों को ऐसे तेंदुए के बच्चों को उनकी जगह से नहीं उठाना चाहिए। इसके बाद सेल्फी का क्रेज। मां हमेशा वहीं आती है, जहां उसने इन्हें छोड़ा था। एक बार उठा लेने के बाद उन्हें उनकी मां से मिला पाना काफी मुश्किल होता है। ऐसे मामलों में या तो शावकों की मौत हो जाती है, या फिर जीवनभर उन्हें कैद में रहना पड़ता है।
ये पोस्ट पढ़कर लोगों की आंखों में आंसू आ गए। एक यूजर ने कहा कि ये पढ़कर मेरा दिल टूट रहा है। अब बच्चे अपनी मां से नहीं मिल पाएंगे औऱ इस बात के जिम्मेदार सिर्फ ये लोग हैं। एक ने कहा कि मैंने ज्यादातर बार सुना है कि जब मां वापस आती है और शावकों से एक नई गंध पाती है तो वो इन्हें अस्वीकार कर देती है। मां भोजन की तलाश में गई होगी और इन लोगों ने शावकों के साथ ये क्या किया।












Click it and Unblock the Notifications