खुदाई के दौरान शोधकर्ताओं को मिला 1500 साल पुराना 'जादुई आइना', कैसे करता था काम?
इजराइल में कुछ शोधकर्ता पुरानी चीजों को खोज रहे थे, तभी उन्हें वहां पर एक रहस्यमयी चीज मिली, जिसे 'जादुई आइना' कहा जा रहा है। ये हजारों साल पुराना है और अभी भी इसका काफी हिस्सा सुरक्षित है। ऐसे में शोधकर्ता इस खोज को लेकर काफी उत्साहित हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इजराइल पुरातन प्राधिकरण उत्तरी उषा के प्राचीन स्थल पर खुदाई का काम कर रहा था। तभी उनको वहां पर जादुई आइना मिला, जो बीजान्टिन काल का है। ये आइना करीब 1500 साल पुराना बताया जा रहा।

वहीं इस खुदाई में 500 स्कूली छात्रों को लगाया गया था, जो करीब एक हफ्ते तक वहां पर काम करते रहे। जादुई आइने के अलावा वहां पर शोधकर्ताओं को सड़कें, शराब और तेल बनाने की मशीन, नहाने की जगह आदि भी मिली है। जिन पर अध्ययन जारी है। जल्द ही सरकार इसे जनता के लिए खोल देगी।
शोधकर्ताओं के मुताबिक साइट पर 17 वर्षीय वीजमैन इमारत की दीवारों के बीच से जमीन पर झांक रही थी। वहां पर उसे एक असामान्य मिट्टी के बर्तन का टुकड़ा दिखा। वीजमैन ने उसे उठाया और इजराइल पुरातन प्राधिकरण उत्तरी शिक्षा केंद्र के निदेशक डॉ. इनाट अंबर-आर्मोन के पास लेकर पहुंची। उन्होंने जब उसके बारे में पड़ताल की, तो पता चला कि वो जादुई दर्पण है।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक ये चौथी से छठी शताब्दी सीई के बीच के जादुई आइने का हिस्सा है। इसका काम बहुत ज्यादा रहस्यमयी है। इसे बुरी आत्माओं और राक्षसों से बचने के लिए रखा जाता था।
एक अन्य शोधकर्ता ने बताया कि घर के मालिक इसे अपने पास रखते थे। उनका मानना था कि जब भी कोई आत्मा उनके पास आएगी, तो इसमें उसका प्रतिबिंब दिख जाएगा, ऐसे में वो वक्त रहते अपनी रक्षा कर सकेंगे। कुछ लोग कब्र के पास भी इसको रखते थे, ताकि वहां की आत्माओं से भी रक्षा हो सके।
छात्रों से क्यों करवाई खुदाई?
प्राधिकरण का विचार इस मामले में अगल है। उनका मानना है कि क्लास में जब छात्र इतिहास पढ़ते हैं, तो वो भूल जाते हैं, लेकिन जब वो खुद खुदाई करेंगे और उसमें से निकली चीजें देखेंगे, तो उनको जीवनभर याद रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications