Video: रिपोर्टर ने 6 भाषाओं में की यूक्रेन संकट की कवरेज, लोग बोले- कुछ हमारे लिए भी छोड़ दो
कीव, 22 फरवरी। रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ता तनाव अब जंग के मुहाने पर पहुंच गया है। पूरी दुनिया के लोग न्यूज चैनल पर हालात पर ताजा अपडेट पाना चाह रहे हैं। इसके लिए दुनिया भर के न्यूज चैनल और न्यूज प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग भाषाओं में कवरेज कर रहे हैं। इस दौरान एक रिपोर्टर का 6 भाषाओं में रिपोर्टिंग करते हुए वीडियो सामने आया है जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

1 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके वीडियो
फिलिप क्रोथर नाम के इस रिपोर्टर के टैलेंट को लेकर सोशल मीडिया पर लोग हैरान हैं और इस पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई है। क्रोथर यूक्रेन की राजधानी कीव से मौजूदा संकट पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं और वीडियो में उन्हें बिना किसी रुकावट के छह भाषाओं अंग्रेजी, लग्जमबर्गिस,स्पेनिश, पुर्तगाली, फ्रेंच और जर्मन में फर्राटेदार रिपोर्टिंग करते देखा जा सकता है।
फिलिप क्रोथर ने छह भाषाओं में अपनी रिपोर्टिंग का मोंटाज अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया जो देखते ही देखते वायरल हो गया। मंगलवार शाम तक इसे 1 करोड़ से अधिक लोग देख चुके थे।

क्रोथर ने खुद शेयर किया वीडियो
क्रोथर ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा "एसोसिएटेड प्रेस के साथ कीव से छह भाषाओं में कवरेज। इस क्रम में- अंग्रेजी, लग्जमबर्गिश, स्पेनिश, पुर्तगीज, फ्रेंच और जर्मन।
वीडियो में सबसे पहले क्रोथर को एसोसिएटेट प्रेस के लिए अंग्रेजी में रिपोर्टिंग करते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद वह दूसरे न्यूज प्लेटफॉर्म के लिए अलग भाषाओं में रिपोर्टिंग करते नजर आ रहे हैं। क्रोथर के इस वीडियो पर लोग खूब मजेदार कमेंट कर रहे हैं।

यूजर बोले- कुछ हमारे लिए छोड़ दो
क्रोथर के वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट किया "कुछ भाषा हमारे लिए छोड़ दो।" एक दूसरे यूजर ने लिखा "मुझे ये बहुत पसंद आया। ये देखकर बहुत-बहुत अच्छा लग रहा है कि कोई चीज अपने असली स्किल/प्रतिभा/ज्ञान के चलते वायरल हो रही है।"
सोफिया स्मिथ गेलर ने लिखा "सभी (भाषाओं) में इनका लहजा कितना अच्छा है, बहुभाषी पत्रकारिता का यही लक्ष्य है।
'स्पेन वालों से अच्छी स्पेनिश'
एक और यूजर ने तो लिख दिया कि अगर मैं उनकी जगह होता तो हर 6 महीने में तनख्वाह बढ़ाने के लिए कहता ताकि वे मेरे सामने रुकने के लिए गिड़गिड़ाएं।
एक दूसरे यूजर ने लिखा ये शख्स स्पेन में रहने वाली आधी आबादी से बढ़िया स्पेनिश बोल रहा है। खुद मुझे लेकर।

कौन हैं फिलिप क्रोथर?
क्रोथर के लिंक्डइन प्रोफाइल पर दी गई जानकारी के मुताबिक वे 2019 से एसोसिएटेड प्रेस के लिए काम कर रहे हैं। इसके पहले वह स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर काम कर रहे थे और फ्रांस 24 के लिए भी उन्होंने 11 साल काम किया है।
क्रोथर मूल रूप से लग्जमबर्ग के हैं वर्तमान में वाशिंगटन डीसी में रहते हैं। वह अमेरिकी कूटनीति, विदेश नीति, राजनीति समेत विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर दुनिया भर से रिपोर्टिंग करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications