पायलट अचानक पड़ा बीमार, तो एक पैसेंजर ने विमान की कैसे कराई सुरक्षित लैंडिंग ? Video देखिए
फ्लोरिडा, 12 मई: अमेरिका में एक पायलट अचानक फ्लाइट में ही बीमार होकर ढीला पड़ गया। यात्रियों को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें। बाद में पता चला कि जिस जगह पर पायलट बीमार हुआ था, वहां से फ्लोरिडा का पाम बीच इंटरनेशनल एयरपोर्ट लगभग 70 मील दूर था। विमान में जो यात्री थे, उन्हें कभी विमान उड़ाने का अनुभव नहीं था। संयोग से एयर ट्रैफिक कंट्रोलर बहुत ही अनुभवी थे और उन्होंने बहुत ही सूझबूझ के साथ एक बहुत ही खतरनाक स्थिति को दुर्घटना में परिवर्तित होने से बचा लिया। जिस तरह से उन्होंने एक साधारण यात्री को गाइड करके विमान को सुरक्षित लैंड कराया, वह हॉलीवुड की किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।

विमान उड़ाने के दौरान पालट हुआ बीमार
एक साधारण से विमान यात्री ने जिसने कभी प्लेन नहीं उड़ाया था, उसने एक हवाई जहाज की सुरक्षित लैंडिंग करवा ली। यह घटना हॉलीवुड की किसी फिल्म की स्क्रिप्ट पर आधारित नहीं है, बल्कि पूरी तरह से सच है। घटना अमेरिका के फ्लोरिडा आ रहे एक सेसना 208 कारवान प्लेन की है, जिसका पायलट कॉकपिट में ही अचानक बीमार हो गया। लेकिन,पैसेंजर ने हौसला बनाए रखा और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर की मदद से विमान को सुरक्षित लैंड करा लिया। लाइवएटीसी डॉट नेट पर उस पैसेंजर का जो ऑडियो उपलब्ध है, उसके मुताबिक वह एटीसी से कहते सुना जा रहा है, 'मेरे सामने यहां एक गंभीर स्थिति खड़ी हो गई है.....'

मुझे कोई आइडिया नहीं है- एटीसी से बोला पैसेंजर
लाइवएटीसी डॉट नेट ये एक वेबसाइट है जो एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के संवादों को सुरक्षित रखता है और उसका प्रसारण भी करता है। इसमें वह पैसेंजर कहते हुए सुना जा रहा है, 'मेरा पायलट ढीला पड़ गया है। मुझे कोई आइडिया नहीं है कि हवाई जहाज कैसे उड़ाते हैं।' जब फोर्ट पियर्स के एक एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने उससे पूछा कि क्या वे सिंगल-इंजन सेसना 280 की पोजिशन जानते हैं, तब पैसेंजर ने कहा, 'मुझे कोई आइडिया नहीं है। मैं फ्लोरिडा के तट को अपने सामने देख सकता हूं और मुझे कोई आइडिया नहीं है।' दरअसल, एटीसी उसी विमान को लोकेट करने की कोशिश कर रहा था, जिसका पता नहीं चल पा रहा था।

एटीसी से संवाद में भी हो रही थी दिक्कत
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के बयान के मुताबिक विमान में एक पायलट और दो पैसेंजर थे। रिपोर्ट के मुताबिक यह छोटा सा विमान बहामास से फ्लोरिडा आ रहा था। जब विमान फ्लोरिडा के ऊपर पहुंच गया तो एयर ट्रैफिक कंट्रोलर क्रिस्टोफर फ्लोर्स ने उससे कहा कि 'पंखों के लेवल को मेंटेंन रखे और तट को फॉलो करने की कोशिश करते रहे, चाहे उत्तर या दक्षिण की ओर।' पैसेंजर को कुछ भी आइडिया नहीं था, लेकिन उसने एटीसी के सभी निर्देशों का पालन किया। सेसना 280 में पैसेंजर सीट से ट्विन कंट्रोल को घुमाया जा सकता है। विमान को लोकेट करने में एटीसी के कुछ मिनट गुजर गए, तब तक वह बोका रैटन के उत्तर की ओर बढ़ रहा था। फिर एक नई दिक्कत शुरू हो गई। पैसेंजर की आवाज पहुंचने में दिक्कत होने लगी। फिर कंट्रोलर ने उसे अपना मोबाइल नंबर देने को कहा।

'नए पायलट को सलाम....'
फिर एटीसी का कंट्रोल 20 साल के अनुभवी रॉबर्ट मॉर्गन ने अपने हाथों में लिया। यहां से उन्होंने पैसेंजर को खुद डायरेक्शन देना शुरू किया। उनके बताए तरीकों को अपनाते हुए विमान उड़ाने से पूरी तरह अनजान उस पैसेंजर ने उसे सुरक्षित लैंड करा लिया। मॉर्गन ने उसे पूरे कॉकपिट की स्थिति समझा दी थी। मॉर्गन एक सर्टिफाइड फ्लाइट इंस्ट्रक्टर हैं, जिनके पास सेसना विमान उड़ाने का अनुभव है। जब विमान रनवे पर सुरक्षित लैंड कर गया तो एक कंट्रोलर ने उस पैसेंजर से कहा, 'नए पायलट को सलाम....'
'मुझे तो लगा के मैं मूवी देख रहा था।'
अधिकारियों के मुताबिक इस बीच रेस्क्यू वर्करों ने विमान के मूल पायलट जस्टिन डामोलिन को उतारने में सहायता की और उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के मुताबिक इस नौसिखिया लैंडिंग में किसी भी पैसेंजर या पायलट को कोई चोट नहीं आई। अधिकारियों ने तत्काल यह नहीं बताया है कि पायलट के अचानक बीमार पड़ने का कारण क्या था। बाद में मॉर्गन ने कहा कि 'हमारे साथ कभी ऐसा नहीं हुआ था।' उन्होंने कहा कि 'मुझे तो लगा के मैं मूवी देख रहा था।' एक एविशन एक्सपर्ट ने कहा है कि उन्होंने पहली बार देखा है कि किसी ने विमान उड़ाया है, जिसका एयरोनॉटिकल अनुभव जीरो है। (तस्वीरें- मिरर नाउ के ट्विटर वीडियो से और इनपुट एपी और मीडिया रिपोर्ट से)












Click it and Unblock the Notifications