घरेलू झगड़े के दौरान शख्स ने खोया आपा, अजगर के सिर को ही दांत से काटा
America से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शख्स ने अजगर को ही दांत से काट लिया।

अमेरिका से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स के घर पर झगड़ा हो रहा था। वहां पर एक अजगर भी था। जब शख्स बेकाबू हुआ तो उसने सीधे अजगर को उठाया और उसके सिर का काट खाया। ये वार इतना जबरदस्त था कि अजगर का सिर धड़ से अलग हो गया। फिलहाल शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ जीव हिंसा को लेकर मामला भी दर्ज हुआ।

पड़ोसियों ने बुलाई पुलिस
जानकारी के मुताबिक ये घटना फ्लोरिडा की है। वहां पर जस्टिन नाम का शख्स एक महिला के साथ अपने अपार्टमेंट में था। पहले तो उनके बीच बहस शुरू हुई, लेकिन कुछ देर बात वहां से तेज-तेज आवाजें आने लगीं। कुछ देर में झगड़ा इतना ज्यादा बढ़ गया कि पड़ोसियों ने पुलिस को बुला लिया, लेकिन इसके बाद जो कुछ हुआ वो वाकई हैरान करने वाला था।

अंदर से बंद किया दरवाजा
पुलिस जब घर के पास पहुंची, तो जस्टिन ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद पुलिस वाले उससे दरवाजा खोलने को कहते रहे, लेकिन उसने उनकी नहीं सुनी। बाद में उन्होंने करेंट देने वाली गन का इस्तेमाल किया और जस्टिन नीचे गिर पड़ा। घटना के वक्त उसके साथ एक महिला भी थी, लेकिन अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि जस्टिन से उसका क्या रिश्ता था?

महिला ने बताई कहानी
पुलिस के मुताबिक जब टीम पहुंची, तो वहां पर एक सांप मरा हुआ पड़ा था। महिला ने बताया कि वो जस्टिन का पालतू अजगर था। लड़ाई के वक्त उसने उसके सिर को काट लिया और सिर को शरीर से अलग कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही उसके खिलाफ पशु क्रूरता समेत कई मामले दर्ज किए गए।












Click it and Unblock the Notifications