अचानक पार्क के पास फटी धरती और अंदर से निकलने लगे अंगारे, चौंकाने वाली घटना का VIDEO वायरल
नई दिल्ली, 24 जनवरी: आप किसी पार्क में टहल रहे हों और अचानक वहां धरती फट जाए, साथ ही उसमें से गर्म लावा निकलने लगे तो आप क्या करेंगे? कुछ इसी तरह का मामला स्कॉटलैंड से सामने आया है। वहां पर अचानक से धरती के अंदर से गर्म लावा निकलने लगा। जिसको देख सभी हैरान रह गए। अब इस घटना के फोटोज और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। (वीडियो-नीचे)

तापमान 0 डिग्री के आसपास
स्थानीय मीडिया के मुताबिक ये चौंकाने वाली घटना Ayrshire में एक पार्क के पास हुई है। वहां पर धरती अचानक से फटी। जिसके अंदर लाल रंग की आग दिख रही है। खास बात तो ये है कि स्कॉटलैंड में बहुत ज्यादा सर्दी पड़ती है, जिस वजह से इन दिनों वहां का तापमान 0 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। अचानक से ये घटना होने से आसपास के लोग दूर हट गए और प्रशासन को इसकी सूचना दी।

नहीं हुई तारबंदी
मामले में एक स्थानीय शख्स ने बताया कि जमीन के अंदर जो लाल रंग की गर्म चीज दिख रही है, वो लावा जैसी है, लेकिन वहां पर कोई ज्वालामुखी नहीं है। इसके अलावा तापमान भी बहुत कम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने अभी तक उस इलाके में तारबंदी नहीं की है, जिस वजह से वहां पर कोई भी जीव-जंतु अनजाने में जा सकता है। ऐसे में उसकी जान को खतरा होगा।

क्या खदान की वजह से हुई घटना?
वैसे तो अभी तक इस घटना के बारे में सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है। एक शख्स ने कहा कि जिस इलाके में ये घटना हुई है, वहां पास में एक कोयला खदान है। हो सकता है कि वहां पर आग लगने की वजह से ये घटना हुई है। एक दूसरे शख्स ने बताया कि जिस जगह पर ये घटना हुई है, वहां से कुछ दूरी पर एक खदान है। उसमें तीन साल से आग जल रही है। वैसे तो गर्मियों के मौसम में आग की स्थिति गंभीर हो जाती है, लेकिन ठंड में ये घटना होने से सब हैरान हैं।












Click it and Unblock the Notifications