भारत की खटिया को बेचकर मालामाल हो रहे विदेशी, नए नाम के साथ रखी इतनी कीमत
नई दिल्ली, 30 अगस्त: भारत में इस्तेमाल होने वाली बहुत सी देसी चीजों की मांग विदेशों में बढ़ती जा रही हैं। जिसका पूरा फायदा ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियां उठा रही हैं। अब न्यूजीलैंड से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक देसी चारपाई (खटिया) को बहुत ही महंगे दाम पर बेचा जा रहा है, जबकि वो भारत के कई इलाकों में 1000 से 4000 रुपये के बीच आसानी से उपलब्ध हो जाती है।

रस्सी से होती है बुनाई
खटिया को आप देसी बेड भी कह सकते हैं। जिसके चार पावे (पैर) रहते हैं। साथ ही उसके बीच में फ्लाई की जगह मजबूत रस्सी का इस्तेमाल किया जाता है। भारत के आप किसी भी ग्रामीण इलाके में चले जाइए, आपको वहां पर खटिया मिल जाएगी। इसमें ज्यादा लकड़ी नहीं लगी होती, जिस वजह से ये ज्यादा महंगी नहीं बिकती। वहीं रस्सियां टूटने के बजाए उपयोग करने पर ढीली हो जाती हैं, जिन्हें ऐसे बांधा जाता है कि बाद में आसानी से कसा जा सके।

41211 रुपये है कीमत
अब न्यूजीलैंड का एक ब्रांड एनाबेल्स इस खटिया को बेच रहा है। जिसका नाम उसने विंटेज इंडियन डायबेड (Vintage Indian Daybed) रखा है। आमतौर पर भारत में आपको अच्छी खटिया 2000-4000 के बीच मिल जाएगी, लेकिन न्यूजीलैंड का ब्रांड इसे 800 न्यूजीलैंड डॉलर में बेच रहा है। भारत के हिसाब से देखें तो ये कीमत 41,211 रुपये के आसपास होगी।

10 गुना से ज्यादा मुनाफा
कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर इसकी एक फोटो भी डाली है, जो दिखने में एकदम भारतीय खटिया की तरह है। ऐसे में साफ है कि कंपनी इस पर 10 गुना से ज्यादा मुनाफा कमा रही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया कि इसकी मांग न्यूजीलैंड में ठीक-ठाक है, जिस वजह से कंपनी ने दाम इतना ज्यादा रखा है।

ब्रिटेन में भी हुआ था ऐसा
वैसे ये कोई पहला मामला नहीं है। साल 2019 में ब्रिटेन के एक ब्रांड ने भी यही तरीका अपनाया था। उस दौरान कंपनी ने बोहो ड्रैसेज की बिक्री बहुत ही ज्यादा दाम में की थी। हालांकि उस दौरान कंपनी को काफी आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा, क्योंकि आमतौर पर बोहो ड्रेस उनती महंगी नहीं आती है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के एक शख्स ने भी भारतीय चारपाई को बिक्री के लिए रखा था। उस दौरान उसने कीमत 50 हजार के आसपास रखी थी।

लोगों ने कसा तंज
वेबसाइट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए एक शख्स ने लिखा कि जरूर ये खटिया भारत से ही कम दाम पर मंगाई गई होगी, जिसके लिए अब लोगों से अच्छी-खासी कीमत वसूली जा रही है। वहीं दूसरे यूजर ने बताया कि बहुत से भारतीय व्यापारी खटिया को थोड़ा स्टाइलिश लुक लेकर उसे विदेशों में बिकने के लिए भेज देते हैं। साथ ही एक तीसरे यूजर ने तो अमेजन का स्क्रीनशॉट शेयर कर दिया, जिस पर खटिया की कीमत 800 रुपये ही थी।












Click it and Unblock the Notifications