Himachal Divas: हिमाचल की इन जगहों पर जाकर वापस आने का नहीं करेगा मन, ये शिमला और मनाली नहीं बल्कि...
Himachal Divas: शिमला और मनाली के अलावा भी हिमाचल में कई खूबसूरत गांव हैं, जो अपनी सुंदरता के लिए जाने जाते हैं। इनमें कलपा विलेज, संगला, बरोग, बड़ौत और चितकुल जैसी खूबसूरत लोकेशन शामिल हैं।

Unexplored places of Himachal Pradesh: हिमाचल की खूबसूरती ने कवियों, पेंटर्स लेखकों को हमेशा से ही प्रेरित किया है। हिमाचल के कई क्षेत्र जैसे कि शिमला, मनाली, कुल्लू और धर्मशाला बड़े ही खूबसूरत हैं। लेकिन कई ऐसे एरिया भी हैं, जो इतने मशहूर नहीं।
पहाड़ी इलाकों की बात आती है, तो हिमाचल के पॉपुलर क्षेत्र मनाली और शिमला का नाम हमेशा ही लोगों की जुबां पर चढ़ा होता है। लेकिन कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं, जिनके बारे में लोगों को कम ही मालूम है।
कलपा विलेज
हिमाचल के लेस पॉपुलर लेकिन बेहद खूबसूरत जगहों में पहले नंबर पर कलपा का नाम आता है। किन्नौर जिले का सबसे बड़ा गांव कलपा खूबसूरत पहाड़ों और घने जंगलों से सराबोर है। किन्नौर कैलाश की बर्फ से ढकी चोटियां इस इलाके को और भी ज्यादा खूबसूरत बनाती हैं। इस गांव से 11 किलोमीटर की दूरी पर चंडिका माता का एक खूबसूरत मंदिर भी है।
संगला
कलपा गांव से 57 किलोमीटर की दूरी पर आता है संगला। ये बसपा नदी के किनारे ही बसा हुआ है। किन्नौर जिले के सबसे खूबसूरत गांवों में इसका नाम शामिल है। इस खूबसूरत इलाके को बसपा घाटी के नाम से भी जाना जाता है। यहां भी कलपा विलेज की ही तरह एक मंदिर है। लेकिन ये मंदिर नाग देवता का है। इसके अलावा यहां सपनी, रैकछम, किलबा और कामरू किला भी हैं।
बरोग
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में कालका-शिमला के रास्ते पर पड़ता है बड़ोग। चीड़ और बांज के जंगलों से घिरा बड़ोग बेहद खूबसूकरत है। इस अनोखे और सुंदर गांव से चूड़धार चोटी का एक शानदार नजारा दिखता है। बड़ोग धीरे-धीरे काफी मशहूर हो रहा है और एक लोकप्रिय डेस्टिनेशन बनता जा रहा है।
बड़ौत
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पड़ने वाला बड़ौत बेहद सुंदर है। यहां कई सारे मछलियां पकड़ने के बड़े फार्म हैं। इतना ही नहीं बड़ौत में नारगु वन्यजीव अभ्यारण्य भी है, जो हिमालयी प्रजातियों जैसे हिमालयी गोरल, हिमालयी काले भालू और कई अलग-अलग तीतरों का घर है। गांव में कई सारे ट्रेकिंग ट्रेल्स भी हैं, जिनमें से एक अभ्यारण्य से होकर कुल्लू की ओर जाता है।
चितकुल
हिमचाल प्रदेश के किन्नौर में बसा छोटा सा गांव चितकुल अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर है। भारत-सीमा तिब्बत पर स्थित पगडंडी पर बसा हुआ ये अंतिम गांव है। यहां बिना परमिट की जरूरत के भी आसानी से पहुंचा जा सकता है। बसपा नदी यहां से होते हुए निकलती है। चितकुल घाटी अच्छी क्वालिटी वाले मटर और आलू के लिए भी प्रसिद्ध है।












Click it and Unblock the Notifications