VIDEO: दोपहर को 400 किमी के इलाके में आसमान हुआ हरा, रहस्यमयी घटना को देख घरों में दुबके लोग
नई दिल्ली: अमेरिका के एक शहर में लोग रोजाना की तरह अपना काम कर रहे थे, लेकिन तभी वहां पर मौसम बदलने लगा। कुछ ही देर में आसमान नीले से एकदम हरा हो गया। लोगों को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि अचानक से क्या हो गया। ऐसे में ज्यादातर लोग घरों के अंदर भाग गए। अब इस घटना के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। साथ ही वैज्ञानिकों ने इसके पीछे की वजह भी बताई है। (तस्वीरें- ट्विटर से, वीडियो-नीचे)

तेज रफ्तार चली हवा
ये घटना मध्य-पश्चिमी अमेरिकी के दक्षिण डकोटा की है। वहां पर हाल ही में पूरा आसमान हरा हो गया। वो करीब 400 किलोमीटर से ज्यादा के क्षेत्र में फैला था। साथ ही कुछ इलाके में हवा की गति 160 किमी/घंटे तक हो गई थी। इसके बाद लोगों ने तुरंत इसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया और सोशल मीडिया पर उसे पोस्ट कर पूछा कि आखिर ये चीज क्या है?

चारों ओर फैली हरी रोशनी
एक स्थानीय शख्स के मुताबिक दिन के तीन बज रहे थे, तभी वहां पर मौसम बिगड़ना शुरू हो गया। आमतौर पर आसमान नीले रंग का होता है और जब घने बादल छाते हैं तो आसमान काला हो जाता है, लेकिन वहां पर हरे रंग की रोशनी फैल गई। एक तस्वीर में आप देख सकते हैं कि चारों ओर सब कुछ हरा-हरा दिख रहा था। जिस वजह से लोग काफी ज्यादा डर गए थे।

ये थी वजह
वहीं घटना के बाद मौसम वैज्ञानिकों ने इस पर सफाई दी है। उन्होंने बताया कि ये सब डेरेचो (Derecho) नाम के तूफान की वजह से हुआ है। तूफान से पहले या उसके दौरान देखे जाने वाले असामान्य रंग कभी-कभी वायुमंडलीय कणों के साथ संपर्क करते हैं और सूर्य के प्रकाश को बिखेरते हैं, लेकिन ये रोज-रोज नहीं होता। इसे बहुत ही दुर्लभ घटना मानी जाती है।

ओले गिरने की रहती है आशंका
एनडब्ल्यूएस मौसम विज्ञानी डॉ. कोरी मार्टिन के मुताबिक इस रंग को प्राप्त करने के लिए बादल के भीतर पानी की एक जबरदस्त मात्रा होती है। इस रंग के बादल के होने का मतलब ये भी होता है कि उस इलाके में ओले गिर सकते हैं, लेकिन डकोटा के किसी भी इलाके में ओलावृष्टि नहीं हुई। कुछ देर मौसम खराब रहने के बाद सब कुछ सामान्य हो गया।

45 मिनट बिजली गुल
डकोटा के स्थानीय प्रशासन के मुताबिक आसमान हरा होने के बाद वहां पर तूफान आया। जिससे ज्यादा नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन 45 मिनट तक कई इलाकों में बिजली गुल रही। इसके अलावा 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं, जिससे लोगों का काफी ज्यादा दिक्कत हुई।












Click it and Unblock the Notifications