एक थाली के साथ दूसरी फ्री! पैसे बचाने के लालच में महिला ने किया ये काम, खाते से उड़ी मोटी रकम
दिल्ली की एक महिला ने अपने कुछ पैसे बचाने के चक्कर में मोटी रकम उस वक्त गंवा दी, जब उसे एक फ्री थाली का ऑफर मिला। महिला को लगा कि ये बढ़िया ऑफर है। लेकिन वो ठगी का शिकार हो गई।

Cyber fraud: अकसर लोग थोड़े पैसे बचाने के लिए कई दफा दुकानदार से लड़ बैठते हैं। कई बार घर आकर सोचने लगते हैं कि कहीं हमने कोई सामान ज्यादा महंगा तो नहीं ले लिया। ऐसे में अगर फ्री की कोई डील मिल रही हो तो भला कोई कैसे छोड़ सकता है।
फ्री का लालच पड़ा भारी
मामला साउथवेस्ट दिल्ली का है, जहां एक थाली के साथ दूसरी थाली फ्री ऑफर के लालच में आकर महिला ने एक ऐप डाउनलोड कर लिया। अब ये ऐप डाउनलोड करना महिला को इतना महंगा पड़ गया कि वो साइबर ठगी का शिकार हो गई।
महिला के खाते से उड़े रुपये
जी हां! ऐप डाउनलोड करते ही महिला के अकाउंट से 90,000 रुपये गायब हो गए। सविता शर्मा नाम की महिला ने अब साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताते चलें कि महिला एक बैंक में वरिष्ठ कार्यकारी के तौर पर काम करती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक रिश्तेदार ने उन्हें फेसबुक पर इस ऑफर के बारे में बताया था।
'सागर रत्ना' के नाम से किया फ्रॉड
27 नवंबर 2022 को उन्होंने साइट देखी और इस ऑफर के बारे में पता करने के लिए एक नंबर पर कॉल किया। महिला ने 2 मई को दर्ज शिकायत में कहा कि उन्हें कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। लेकिन कॉलबैक आया। इसके बाद कॉलर ने उन्हें सागर रत्ना (एक मशहूर रेस्तरां चेन) के एक ऑफर के बारे में बताया।
ऐप डाउनलोड करने की बात
कॉलर ने एक लिंक शेयर किया और मुझे ऑफर का लाभ उठाने के लिए ऐप डाउनलोड करने को कहा। इसके बाद उसने ऐप को एक्सेस करने के लिए यूजर आईडी और पासवर्ड भी भेजा। उन्होंने मुझसे कहा कि अगर मैं ये ऑफर लेना चाहती हूं तो पहले मुझे ऐप पर रजिस्टर करना होगा।
'मैंने आईडी और पासवर्ड डाला'
महिला ने आगे कहा कि मैंने लिंक पर क्लिप किया और ऐप डाउनलोड हो गया। इसके बाद मैंने यूजर आईडी और पासवर्ड डाला। जैसे ही मैंने ये किया, मेरे फोन से मेरा कंट्रोल ही छिन गया। मेरा फोन हैक हो गया। मुझे मैसेज आया कि मेरे खाते से 40,000 रुपये निकाल लिए गए हैं। इसके बाद मुझे एक और मैसेज आया, जिसके बाद मेरे खाते से 50,000 रुपये निकल गए।
क्या बोली पुलिस?
पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस तरह से साइबर फ्रॉड के मामले अन्य शहरों से भी सामने आए हैं, जहां लोगों ने हजारों रुपये गंवा दिए। बीते दिनों से व्हाट्सएप फ्रॉड भी जबरदस्त चर्चा में बना हुआ है। साइबर अपराधी लोगों को ठगने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications