दूल्हा नहीं लाया फोटोग्राफर, जयमाला के स्टेज से उतरकर चली गई दुल्हन, बैरंग लौटी बारात
कानपुर,

फोटोग्राफर न लाने पर दुल्हन ने किया इनकार
ताजा मामला उत्तर प्रदेश का है जहां पर एक दुल्हन ने इसलिए दूल्हे से शादी करने के इनकार कर दिया क्योंकि बारात के साथ दूल्हा फोटोग्राफर नहीं लाया था। ये बात दुल्हन को इतनी नागवार गुजरी कि बारात ही वापस कर दी। घटना रविवार की है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जनपद स्थित एक गांव के किसान की लड़की की शादी रविवार को होनी थी। शादी की सारी तैयारियां थीं। बारात भोगनीपुर से धूम धाम से पहुंची तो लड़की वालों ने बारातियों का बढ़िया स्वागत किया। सारी रस्में होते-होते जयमाला का समय भी आ गया। जब दुल्हन जयमाला के लिए स्टेज पर पहुंची तो वहां उसे एक चीज नदारद दिखी।

स्टेज पर नहीं दिखा फोटोग्राफर तो आया गुस्सा
दुल्हन ने देखा कि उसकी शादी के इस यादगार पल को सहेजकर रखने के लिए वहां पर फोटोग्राफर ही नहीं है। दुल्हन को पता चला कि फोटोग्राफर तो किया ही नहीं गया है। फिर क्या था गुस्साई दुल्हन ने जरा भी देर न करते हुए तुरंत शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दुल्हन मंच से उतरकर वहां से चली गई। रिपोर्ट के मुताबिक लड़की का कहना था कि जो आदमी आज शादी का ख्याल नहीं रख पाया वह भविष्य में उसका क्या ख्याल रख पाएगा।

समझाना भी गया बेकार, नहीं लौटी दुल्हन
इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने समझाने की कोशिश की लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही। यही नहीं लड़की के परिजनों ने भी उसे समझाना चाहा लेकिन वह नहीं मानी। जानकारी के मुताबिक मंच से निकलकर जाने के बाद वह पड़ोसी के घर में रह रही है।

पुलिस स्टेशन पहुंचा मामला
जब समझाने से बात नहीं बनी तो मामला मंगलपुर पुलिस स्टेशन पहुंचा जहां दोनों पक्ष इस बात से सहमत हुए कि वे एक दूसरे से मिला हुआ सारा सामान और पैसा वापस कर देंगे। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों ने एक दूसरे को सामान और नकदी वापस कर दी। इसके बाद दूल्हा बिना दुल्हन के ही अपने गांव वापस चला गया।

बिना फोटोग्राफर पहुंचना पड़ा भारी
पुलिस ने आगे बताया कि वर पक्ष फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर का इंतजाम किए बिना पहुंचे थे जिसकी वजह से विवाद शुरू हुआ औऱ नाराज लड़की ने शादी से इनकार कर दिया। इस घटना ने इस बात की तरफ भी ध्यान खींचा है कि आखिर फिर शादी का ही क्या मतलब है अगर आपके पास दिखाने के लिए इसकी कोई तस्वीर ही नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications