पैसेंजर की सनकी तो चलते प्लेन का अचानक खोला इमरजेंसी गेट, पंखों पर चलकर लगा दी छलांग, फिर...
न्यूयॉर्क, 15 मई: दुनियाभर में अजीबोगरीब किस्म के लोगों की कमी नहीं है। ऐसे लोग कुछ भी करने से पहले सोचते नहीं हैं कि वो क्या कर रहे हैं, चाहे फिर नतीजा कुछ भी हो। अमेरिका में ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां फ्लाइट में इमरजेंसी एग्जिट के पास बैठे एक पैसेंजर की हरकत के बाद पूरे एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने पैसेंजर को इस हरकत के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

शिकागो एयरपोर्ट की घटना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हैरान कर देने वाली यह घटना शिकागो के ओ हेर (O Hare) एयरपोर्ट की है, जहां यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट लैंड हुई थी। दरअसल, फ्लाइट टर्मिनल के गेट की तरफ आगे बढ़ रही था। और टर्मिनल गेट पर पहुंचने से पहले ही इमरजेंसी एग्जिट के पास वाली सीट पर बैठे पैसेंजर ने फ्लाइट का गेट ओपन कर दिया। इतना ही नहीं गेट खोलने के बाद यात्री फ्लाइट विंग पर चलने लगा। उसके बाद वहां से कूद गया।

पैसेंजर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक कैलिफोर्निया के इस पैसेंजर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। शिकागो पुलिस विभाग (सीपीडी) के एक बयान के अनुसार, "एक व्यक्ति विमान में सवार था, जो गेट के पास बैठा था, उसने इमरजेंसी एग्जिट को खींच लिया और विमान के पंखे पर चला गया।" शिकागो पुलिस के अनुसार रैंडी फ्रैंक डेविला पर लापरवाह आचरण का आरोप लगाया गया है।

ग्राउंड क्रू ने शख्स को पकड़ा
पुलिस के मुताबिक यह घटना सैन डिएगो से आ रही यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट 2478 की है। 57 वर्षीय शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार उसे 27 जून को कोर्ट में पेश किया जाएगा। घटना के बारे में बताते हुए यूनाइटेड एयरलाइंस ने कहा कि ग्राउंड क्रू ने शख्स को विमान के बाहर तुरंत पकड़ लिया। एयरलाइन के एक बयान के अनुसार, जब विमान गेट पर पहुंचा तो बाकी पैसेंजर सुरक्षित जहाज से उतर गए।












Click it and Unblock the Notifications