'स्कूटर या लग्जरी गाड़ी, सबका नंबर 4018', क्या है तंबाकू व्यापारी के इस अजब-गजब काम के पीछे की कहानी?
Banshidhar Tobacco Owner KK Mishra: आयकर विभाग बीते कुछ समय से बंशीधर टोबैको प्राइवेट लिमिटेड और इससे जुड़े कई अन्य ठिकानों पर खूब छापेमारी कर रही है। छापेमारी तीसरे दिन भी जारी है। अब तक इसमें 7 करोड़ रुपये से भी ज्यादा कैश और लग्जरी कारों समेत जेवर की बरामदगी हो चुकी है। अब कंपनी के मालिक केके मिश्रा से जुड़ी ऐसी-ऐसी कहानियां सामने आ रही हैं, जिन्हें सुनकर आपके भी कान खड़े हो जाएंगे।
केके मिश्रा पहले प्रिया स्कूटर चलाते थे। उसके बाद देखते ही देखते उनका सफर लग्जरी गाड़ियों तक जा पहुंचा। लग्जरी गाड़ियां देख अधिकारियों की भी आंखें फटी की फटी रह गईं। कारों के कलेक्शन को खंगाला तो एक पुराना स्कूटर जा मिला। बताया जाता है कि अपने संघर्ष के दिनों में केके मिश्रा इसी स्कूटर को चलाते थे। इसे वे बहुत लकी मानते हैं इसलिए आज तक ये रखा हुआ है।

परिवार का भी मानना है कि स्कूटर उनके लिए बहुत लकी है। जबसे ये आया तभी से कारोबार बढ़ना शुरू हुआ। आज तक इस स्कूटर का रख रखाव कर इसमें पेंटिंग की जाती है। इसे लग्जरी गाड़ियों के साथ खड़ा किया जाता है।
दावा किया जाता है कि मिश्रा को ज्योतिष पर भी बहुत भरोसा है। अपनी सभी गाड़ियों का नंबर उन्होंने 4018 रखा हुआ था। प्रिया स्कूटर का भी यही नंबर था। ठिकानों से अधिकारियों को लंबोर्गिनी, फरारी और रोल्स रॉयस जैसी लग्जरी गाड़ियां मिली हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अफसरों ने दिल्ली के वसंत विहार के घर में केके मिश्रा और उनके बेटे शिवम मिश्रा से पूछताछ की है। खबरे हैं कि केके मिश्रा ने अपनी खराब सेहत का हवाला देते हुए सही से जवाब भी नहीं दिया।












Click it and Unblock the Notifications