Photos: मेक्सिको में 'रहस्यमयी गड्ढे' ने सरकार की उड़ाई नींद, गहराई इतनी कि समा जाएं एक दर्जन ट्रक
मेक्सिको सिटी, 04 जून। सड़कों पर बनने वाले गड्ढों से तो हम भारतीय भली-भांती वाकिफ हैं लेकिन मेक्सिको देश में एक ऐसा रहस्यमयी गड्ढा देखा गया जिसने भू-वैज्ञानिकों को भी हैरान कर दिया। दरअसल, यह कोई आम छोटो-मोटा गड्ढा नहीं बल्कि 300 फीट लंबा और 50 फीट गहरा गड्ढा है। आप सोच रहे होंगे इसे किसी इंसान द्वारा या कंस्ट्रक्शन कंपनी ने बनाया होगा लेकिन नहीं, यह सिंकहोल पिछले 4 दिनों में अपने आप बन गया।

मेक्सिको में रहस्यमयी गड्ढे से लोगों में खौफ
प्रकृति के इस अजीबोगरीब घटनाक्रम ने मेक्सिको सरकार की भी नींद उड़ा दी है, मौके पर भू-वैज्ञानिकों की एक टीम भी जांच के लिए पहुंची है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह गड्ढा मेक्सिको के पुएब्ला राज्य में स्थित सांता मारिया जाकाटेपेक में देखा गया। किसान बहुल इस इलाके में लोग खेती कर अपना भरण पोषण करते हैं, लेकिन खेत में बने विशालकाय गड्ढे की सूचना मिलने के बाद किसानों में भय का माहौल है।

कुछ घंटे में ही 300 फीट लंबा हुआ गड्ढा
सोशल मीडिया पर गड्ढे की तस्वीर भी सामने आई है जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कितना बड़ा है। गड्ढा करीब 300 फीट लंबा है जो अपने आप 70 हजार वर्गमीटर के इलाके में फैल गया है। स्थानीय लोगों ने बताया पहली बार इस गड्ढे को देखा गया था तो इसकी चौड़ाई मात्र 15 फीट थी, लेकिन इसके बाद से यह तेजी से बढ़ता जा रहा है। पिछले शनिवार को यह गड्ढा पहली बार दिखाई दिया था।

आस-पास के घरों को भी खतरा
पुएब्ला राज्य के गवर्नर मिगुएल बारबोसा हुर्ता ने कहा, 'सांता मारिया जाकाटेपेक कस्बे में एक किसान के खेत में बना यह गड्ढा 20 मीटर गहरा है।' गड्ढे की लगातार बढ़ रही चौड़ाई और गहराई से आस-पास के घर भी असुरक्षित हो गए हैं, प्रशासन ने गड्ढे के पास रहने वाले परिवार को वहां से हटा दिया है। इस घटना के बाद दूर-दूर से लोग रहस्यमयी गड्ढे को देखने के लिए आ रहे हैं। राहत की बात यह है कि गड्ढे की वजह से कोई घायल नहीं हुआ।

मिट्टी के नमूनों की जांच कर रहे विशेषज्ञ
मेक्सिको की सरकार ने गड्ढा बनने के कारणों का पता लगाने के लिए पर्यावरण विशेषज्ञों को काम पर लगा दिया है। पर्यावरण सचिव बीट्रिज मैनरिक ने बताया कि जब यह गड्ढा बना तो इसका दायरा 15 फीट था लेकिन कुछ घंटे में ही यह तेजी से बढ़ने लगा। जमीन के नरम होने और आस-पास की भुरभुरी मिट्टी की वजह से अपने आप यह गड्ढा बना है। राष्ट्रीय जल आयोग सहित सार्वजनिक निकायों के अधिकारी मिट्टी के नमूने इकट्ठा करके इसकी जांच में जुट गए हैं।

कब और कैसे बनते हैं ऐसे सिंकहोल?
बता दें कि अपने आप जमीन में बने गड्ढे का यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले जनवरी 2021 में भी ऐसा ही सिंकहोल इटली में दिखा था। जानकारों की मानें तो इस तरह के सिंकहोल तब बनते हैं जब जमीन के अंदर की मिट्टी ऊपरी की भूमि का वजन नहीं सह पा रही होती है। ऐसे गड्ढे भूमि की सतह के नीचे चट्टानों के कटाव की वजह से भी बन जाते हैं। वहीं, किसान का कहना है कि एक सुबह वह तूफान की आवाज से जागा और खेत में गड्ढा बना देखा।
यह भी पढ़ें: झील के अंदर रहस्यमयी तरीके से दिखा गांव, जानें क्या है उसकी डरावनी गुफाओं की सच्चाई












Click it and Unblock the Notifications