'इंसान है या शैतान'? शख्स ने जेब में भरे अजगर समेत 14 जिंदा सांप, फिर पहुंचा बंदरगाह
हाल ही में चीन में एक महिला अपनी ब्रा में जिंदा सांपों को छिपाकर जा रही थी, लेकिन उसे एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया। ये मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब वहां से एक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है।
चीनी मीडिया के मुताबिक एक शख्स अपनी जेब में 14 सांप रखकर बंदरगाह पर जा रहा था, लेकिन उसकी किस्मत खराब थी। कस्टम की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने उसे धर दबोचा। हालांकि सुरक्षा कारणों से आरोपी की पहचान उजागर नहीं की गई है।

कस्टम के मुताबिक शख्स को दक्षिणपूर्वी चीन के एक शहर शेन्जेन में स्थित फुटियन बंदरगाह से पकड़ा गया। ये जगह चीन और हांगकांग को अलग करने वाली सीमा पर स्थित है। अधिकारियों के मुताबिक शख्स काफी घबराया हुआ था। वो किसी से नजरें नहीं मिला रहा था। उसको देखते ही जवान समझ गए कि कुछ गड़बड़ है।
जवान उसको किनारे ले गए और तलाशी ली। इस दौरान शख्स की जेब में 14 जिंदा सांप मिले। उनको देखते ही वहां पर अफरा-तफरी मच गई। तुरंत वहां पर कई कंटेनर मंगाए गए और सबको उसमें बंद किया गया।
14 सांपों में से तीन की पहचान बॉल पायथन के रूप में की गई, जिन्हें बोलचाल की भाषा में शाही अजगर कहा जाता है। ये सांप काफी दुर्लभ हैं और इनके संरक्षण के लिए अभियान चलया जा रहा।
क्वारंटीन में रखे गए सांप
चीनी कानून के मुताबिक तस्करी के दौरान पकड़े गए जानवरों को तुरंत जंगल में रिहा नहीं किया जा सकता है। उनको कम से कम 14 दिन तक क्वारंटीन करना जरूरी है। इसके बाद उनकी जांच होगी और फिर उन्हें रिहा कर दिया जाएगा।
शेनझेन में पकड़ी गई थी महिला
इससे पहले की घटना जुलाई में हुई थी। उस दौरान शेनझेन के एयरपोर्ट पर एक महिला को सुरक्षाकर्मियों ने रोका। उसके शरीर की बनावट बहुत ज्यादा अजीब थी। जांच में उसकी ब्रा में 5 जिंदा सांप मिले। जिस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications