छत्तीसगढ़: गांजे के इस्तेमाल पर भाजपा नेता का विवादित बयान, CM भूपेश ने दिया जवाब
छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी गांजे के इस्तेमाल पर अटपटा बयान देकर विवादों से घिर गए हैं।
पेंड्रा, 25 जुलाई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी गांजे के इस्तेमाल पर अटपटा बयान देकर विवादों से घिर गए हैं। मस्तूरी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक बांधी ने शराबबंदी से जुड़े एक सवाल के जवाब में बयान देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार को शराब के स्थान पर गांजे और भांग को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि शराब की वजह से हत्या और बलात्कार जैसे मामलों में वृद्धि देखने को मिल रही है, क्योंकि गांजे और भांग का सेवन करने वाले कभी इस तरह के अपराधों करते नहीं देखे गए हैं,इसलिए शराब के स्थान पर गांजे और भांग को बढ़ावा देना चाहिए।

पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक के इस विवादित बयान पर सीएम भूपेश बघेल ने रविवार रात कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि मोदी सरकार 10 ग्राम गांजा को ढूंढने के लिए पूरा मुंबई घूम लेती है और भाजपा के वरिष्ठ नेता कहते है कि गांजा पीना चाहिये! सीएम भूपेश ने आगे कहा कि गांजा प्रतिबंधित है, बांधी जी गांजा खुलवाने की बात पहले केंद्र सरकार से करें,लेकिन यह भी जान लें नशा किसी तरह का हो,अच्छा नहीं है।
दरअसल पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति बांधी का यह बयान छत्तीसगढ़ में शराबबंदी के संदर्भ में आया था। सदन के उप नेता प्रतिपक्ष डॉ. बांधी ने कहा कि मैंने शराबबंदी के लिए बनाई गौ विधानसभा की समितियों को भी काम करने का सुझाव दिया है। वह रविवार को अमरकंटक में चल रहे एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे,जहां पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कांग्रेस के जनघोषणा पत्र में शामिल पूर्ण शराबबंदी पर अभी तक अमल नहीं किये जाने पर सवाल उठाते हुए कहा था कि शराब की वजह से लोगों के जीवन पर व्यापक असर पड़ रहा है। शराब के सेवन के कारण बलात्कार, हत्याएं और झगड़े हो रहे हैं, मुझे बताइये कि भांग और गांजा का सेवन करने वाले किसी शख्स ने कभी किसी हत्या या फिर बलात्कार किया हो। उन्होंने कहा था कि अगर किसी को नशे की जरूरत है, तो भांग और गांजा की तरफ बढ़ना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications