लोकसभा चुनाव 2019: प्रशासन ने निकाली वोट बारात, बिना दूल्हे की बारात की पूरे गांव में चर्चा
Bikjaner News, बीकानेर। बैंड है, बाजा है, बाराती है, मगर ना तो दूल्हा है और ना ही दुल्हन। सुनने में भले ही अजीब लगे मगर यह सच है। यह नजारा है राजस्थान के बीकानेर जिले के नोखा तहसील के रासीसर गांव का। जहां सोमवार को बिना दूल्हे के बारात निकली।

बारात में बैंड की सुमधुर स्वर लहरियों के बीच आगे आगे बैंड चल रहा था। बीच में घोड़ों पर सवार लोग और पीछे-पीछे पगड़ी पहने बाराती। आश्चर्य में पड़ गए ना। जी हां यह थी बीकानेर निर्वाचन विभाग द्वारा शत प्रतिशत मतदान को लेकर निकाली गई वोट की बारात, जिसमें अधिकारी बने बाराती और ग्रामीण बने स्वागतकर्ता।
दरअसल, बीकानेर निर्वाचन विभाग लोकसभा चुनाव 2019 में शत-प्रतिशत मतदान को लेकर स्वीप के तहत विभिन कार्यक्रम आयोजित करके मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरूक कर रहा है। इसके लिए निर्वाचन विभाग सतरंगी सप्ताह भी कार्यक्रम चला रहा है। सतरंगी सप्ताह के तहत तीसरे दिन रासीसर गांव के कुम्हारों के मोहल्ले से वोट की बारात निकाली, जो गांव के विभिन मार्गों से होकर राजकीय सीनियर सैकंडरी स्कूल पहुंची।
बारात पहुंचने पर महिलाओं ने पारम्परिक रूप से मंगलगीत गाकर बारातियों का स्वागत किया। सजे-धजे ऊंट-घोड़ों, बैंड की सुमधुर स्वरलहरियों के बीच थिरकते वोट की बारात निकाली। हाथों में शत-प्रतिशत मतदान का संदेश लिए ग्रामीण नाचते गाते झूमते बारात में आगे चल रहे थे। इस दौरन ग्रामीणों ने बारातियों का जगह-जगह फूल माला पहनाकर स्वागत किया और शत-प्रतिशत मतदान करने का संदेश लिया। वोट की बारात को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने फटाखे फोड़कर खुशियां मनाई।












Click it and Unblock the Notifications