15 साल पहले कश्मीरी लड़की से किया था प्रेम विवाह, धारा 370 हटने पर बिजनौर के परिवार में खुशी
बिजनौर। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद यूपी के बिजनौर निवासी महबूब के जहन में 15 साल पहले खौफ के माहौल का वह किस्सा ताजा हो गया। जब कश्मीर में काम करते हुए उसे वहां की युवती अतिका से प्रेम हो गया था और दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। विवाह का युवती के परिजनों ने विरोध किया तो वहां से उन्हें जान बचाकर वापस बिजनौर लौटना पड़ा था। हालांकि 6 साल पहले युवती के परिजनों से भी अब इस परिवार के संबंध मधुर हो चुके हैं आज दोनों अपने परिवार के साथ खुश हैं।

नजीबाबाद थाना क्षेत्र निवासी महबूब ने बताया कि बात 15 साल पुरानी है। जब वह कश्मीर में सेना के कारपेंटर का काम करता था। इस दौरान उसकी मुलाकत कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में मझगांव निवासी अतीका से हुई। दोनों की आंखें चार हो गई और दोनों का प्रेम परवान चढ़ा तो निकाह का फैसला ले लिया। लेकिन वहां के खौफ के माहौल और अतिका के परिजनों के विरोध के चलते दोनों ही डरे हुए थे। नौबत यहां तक आई कि दोनों को वहां से अपनी जान बचाकर नजीबाबाद लौटना पड़ा। लेकिन उसकी परेशानी अभी तक कम नहीं हुई थी। कुछ दिन बाद ही कश्मीर की पुलिस नजीबाबाद आ पहुंची लेकिन उन्हें पकड़ने में नाकाम रही।
धीरे-धीरे समय बीता और पुराने जख्म भरने शुरू हुए करीब 6 साल पहले महबूब की उसके ससुराल वालों से बात होने शुरू हुई और दोनों परिवार के बीच हालात सामान्य हो गए। 15 साल बाद कानून बदलने की जब खबर मिली तो महबूब की पत्नी अतिका ने खुशी जताई। महबूब ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं एक बड़ा बेटा और तीन बेटियां और वह अपने परिवार के साथ खुश है। महबूब ने बताया कि धारा 370 हटने पर खुशी का माहौल है और वह भी बहुत खुश है।












Click it and Unblock the Notifications