Bihar Politics: ऑडियो वायरल होने के बाद क्या छिन जाएगा मंत्री रत्नेश सदा का पद, जानिए क्यों तेज़ हुई चर्चा
Bihar News: बिहार सरकार के मंत्री रत्नेश सदा का कथित ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद से सियासी गलियारों में संभावनाओं की सियासत पर चर्चा तेज़ हो गई है। चर्चा तेज़ है कि नीतीश कैबिनेट में फिर से एक पद खाली होने वाली है। संतोष सुमन के इस्तीफ़ा देने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने जिन्हें मंत्री बनाया था, अब उन्हें किनारा लगाया जा सकता है।
सियासी गलियारों में यह चर्चा इसलिए तेज़ हुई क्योंकि सीएम नीतीश के सबसे करीबी नेताओं में से एक मंत्री श्रवण कुमार ने मीडिया से मुख़ातिब होते हुए कहा है कि, अगर कोई मंत्री पार्टी के खिलाफ़ क़दम उठाता है तो, उस पर विचार करते हुए कार्रवाई होगी।

बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार से जब पूछा गया कि मंत्री रत्नेश सदा और अशोक चौधरी के बीच विवाद देखने को मिल रहा है। एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें मंत्री रत्नेश सदा कथित तौर पर अपने समर्थकों से कह रहे हैं कि अशोक चौधरी का पुतला जलाओ।
इस सवाल पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि इस मामले की जानकारी नहीं है, अगर इस तरह की कोई बात हुई है तो यह सही नही है। किसी भी मंत्री को किसी किसी भी जनप्रतिनिधि के बारे में इस तरह से बोलना कहीं से भी सही नहीं है। इस मुद्दे पर बात कर हम लोग हल निकालेंगे।
बातचीत के बाद ही मामले का हल निकलेगा, इसके बाद ही किसी पर कोई कार्रवाई होगी। फिलहाल हमलोग 2024 के चुनाव पर फोकस कर रहे हैं। यह पुतला जलाना और विरोध करना सब फालतू की बाते हैं। वहीं सियासी गलियारों में यह भी चर्चा तेज़ है कि नीतीश कैबिनेट का विस्तार क्यो हो सकता है।
बिहार में कांग्रेस अपने कोटे से ज्यादा मंत्री की मांग कर रही है, आगामी लोकसभा चुनाव में सबकुछ ठीक रहे इसलिए सीएम नीतीश कुमार भी, कांग्रेस की मांग पर सीएम नीतीश कुमार विचार कर सकते हैं। वायरल ऑडियो के बहाने कार्रवाई करते हुए नीतीश कैबिनेट से रत्नेश सदा को किनारे करते हुए कांग्रेस कोटे से मंत्री बनाए जा सकते हैं।
वन इंडिया हिंदी ने इस मुद्दे पर बात करने के लिए मंत्री रत्नेश सदा को कॉल किया, उनसे सवाल किया गया कि कथित वायरल ऑडियो को लेकर आप पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कुछ भी नहीं बोलना है और कॉल काट दिया।












Click it and Unblock the Notifications