सीवान के एसपी रहे भट्टी को क्यों याद कर रहे हैं बिहारी, शहाबुद्दीन को महिला कांस्टेबल के हाथों पहनाई थी हथकड़ी

एक अफसर अगर चाह ले तो क्या-क्या नहीं कर सकता ? कानून का डंडा हर टेढ़े को टकुए की तरह सीधा कर देता है। बस चलाने की हिम्मत चाहिए। केपी एस गिल ने पंजाब में आतंकवाद का खात्मा कर बता दिया था कि एक अकेला आदमी भी सिस्टम को दुरुस्त कर सकता है। अब बिहार को भी एक 'सरदार जी’ की जरूरत है। अपराधियों के कहर से कराह रहे बिहार को ये 'सरदार जी’ राहत दिला सकते हैं। बिहार में मौजूदा आतंकराज को देख कर यहां के लोग जिगरबाज आइपीएस अफसर राजविंदर सिंह भट्टी को बहुत शिद्दत से याद कर रहे हैं। अगर भट्टी साहब पुलिस चीफ बने तो अपराधियों का भट्ठा बैठना तय है। बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति इतनी खराब हो गयी है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पिछले पंद्रह दिनों में तीन बैठकें करनी पड़ी हैं। लेकिन नतीजा सिफर है।

कोई ‘गिल’ जैसा लड़ाका चाहिए

कोई ‘गिल’ जैसा लड़ाका चाहिए

सीएम हर बैठक पुलिस अफसरों को मुस्तैदी से काम करने का निर्देश देते हैं। अपराधी पहले से भी बड़ी वारदात कर डालते हैं। अब बिहार को भी ‘गिल' जैसा ही कोई चाहिए। गुंडों-बदमाशों में कानून का खौफ जरूरी है। भ्रष्ट, निकम्मे और ढीले अफसरों की वजह से बिहार पुलिस की भद्द पिट रही है। पिछले हफ्ते एसटीएफ ने जान की बाजी लगा कर 50 हजार के इनामी अपराधी को दबोचा था। पुलिस उसके खिलाफ समय पर कोर्ट में सबूत पेश नहीं कर सकी और वह तीन बाद ही जमानत पर छूट गया। अब वह फरार है। तो ये है बिहार पुलिस की बानगी। राजविंदर सिंह भट्टी को क्यों डीजीपी बनाया जाना चाहिए ? तो डालते हैं भटट्टी के भौकाल पर एक नजर।

सीवान में भट्टी की इंट्री

सीवान में भट्टी की इंट्री

1990 बैच के आइपीएस अफसर राजविंदर सिंह भट्टी की छवि एक कड़क अफसर की है। एक वक्त था जब बिहार के अपराधी और सफेदपोश उनके नाम से कांपते थे। वाक्या नवम्बर 2005 का है। उस समय बिहार विधानसभा चुनाव का अंतिम समय था। राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा हुआ था। अफसरों के लिए काम करना थोड़ा आसान हो गया था। सितम्बर 2005 में राजविंदर सिंह भट्टी सीवान में एसपी बन कर आये थे। बाहुबली शहाबुद्दीन सीवान के सांसद थे। तब सीवान में शहाबुद्दीन की इजाजत के बिना पत्ता नहीं डोलता था। इस बात का आरोप लगता रहा है कि शहाबुद्दीन को लालू प्रसाद यादव का संररक्षण प्राप्त है। लालू यादव उस समय रेल मंत्री थे। 2001 में शहाबुद्दीन को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने एक बड़ा ऑपरेशन लॉन्च किया था। इस कार्रवाई में 10 लोग मारे गये गये थे। एक पुलिस जवान भी शहीद हुआ था। लेकिन शहाबुद्दीन को पुलिस पकड़ नहीं पायी। अप्रैल 2005 में सीवान के तत्कालीन डीएम सीके अनिल और एसपी रत्न संजय ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की थी। फिर भी शहाबुद्दीन पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा। शहाबुद्दीन पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे। उसकी गिरफ्तारी का वारंट निकला हुआ था। इसी समय राजविंदर सिंह भट्टी की सीवान में इंट्री होती है।

गिरफ्तारी का सॉलिड प्लान

गिरफ्तारी का सॉलिड प्लान

राजविंदर सिंह भट्टी इस बार मौका नहीं चूकना चाहते थे। शहाबुद्दीन की गिरफ्तारी के लिए एक फुलप्रूफ योजना बनायी। कहा जाता है कि शहाबुद्दीन का गुरूर तोड़ने के लिए भट्टी ने एक महिला सब इंस्पेक्टर गौरी कुमारी को इस ऑपरेशन की कमान सौंपी थी। जब गौरी कुमारी ने शहाबुद्दीन को हथकड़ी पहनायी तो बिहार पुलिस के लिए वह एक अभूतपूर्व नजारा था। हालांकि कुछ लोगों का यह भी कहना था भट्टी ने इस ऑपरेशन को गुप्त रखने के लिए गौरी कुमारी का चयन किया था। हुआ कुछ यूं। शहाबुद्दीन उस समय संसद के सत्र में भाग लेने के लिए दिल्ली में थे। भट्टी ने गौरी कुमारी के नेतृत्व एक स्पेशल टीम बनायी। ये टीम दिल्ली पहुंची। बिहार पुलिस की टीम ने दिल्ली पुलिस से सम्पर्क किया। आर एस भट्टी सीवान में ही बैठ कर ऑपरेशन को ऑपरेट कर रहे थे। किसी को कानों खबर नहीं।

वो रोमांचक ऑपरेशन

वो रोमांचक ऑपरेशन

पांच नम्बर 2005 की रात। पुलिस ने शहाबुद्दीन के दिल्ली आवास को चार तरफ से घेर लिया। गौरी कुमारी ने शहाबुद्दीन को अगाह किया कि वे कानून के साथ सहयोग करें वर्ना एक्शन के लिए तैयार रहें। उन्हें गिरफ्तारी का वारंट दिखाया गया। रात का वक्त था। शहाबुद्दीव लुंगी पहने घर में बैठे थे। गौरी कुमारी ने शहाबुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें दिल्ली के नजदीकी में थाना लाया गया। अगले दिन कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड ली गयी। गौरी कुमारी शहाबुद्दीन को लेकर 6 नवम्बर की रात पटना पहुंची। शहाबुद्दीन की गिरफ्तारी किसी धमाके से कम न थी। कानून व्यवस्था की समस्या हो सकती थी। तब आरएस भट्टी की सलाह पर शहाबुद्दीन को हेलीकॉफ्टर से सीवान लाने का फैसला किया गया। शहाबुद्दीन को लेकर हेलीकॉप्टर से लेकर गौरी सीवान पहुंची। 7 सितम्बर को शहाबुद्दीन की सीवान कोर्ट में पेशी हुई जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। 8 नवम्बर को उन्हें भागलपुर जेल में शिफ्ट किया गया।

भट्टी का तबादला

भट्टी का तबादला

आरएस भट्टी किसी राजनीतिक दबाव को मानने वाले अफसर नहीं थे। उनकी इस कार्रवाई से राजद में खलबली मच गयी। बिहार में तब राष्ट्रपति शासन लागू था। परोक्ष रूप से बिहार का शासन केन्द्र सरकार चला रही थी। केन्द्र सरकार लालू यादव के सहयोग से चल रही थी। इस साहसिक अभियान के बाद आर एस भट्टी का तुरंत तबादला कर दिया गया था। लेकिन भट्टी ने ढाई महीने में ही वो कर दिया जो दस साल में नहीं हो पाया था। इस घटना के 16 दिन बाद ही बिहार में नीतीश कुमार की सरकार का आगमन हुआ। इसके बाद शहाबुद्दीन पर कानून का शिंकजा कसता चला गया। कानून का पाठ पढ़ाने में आर एस भट्टी का कोई जवाब नहीं। वे कानून के आगे बड़े से बड़े नेता की भी परवाह नहीं करते।

जब राजद विधायक को किया था गिरफ्तार

जब राजद विधायक को किया था गिरफ्तार

1990 के दौर में जब लालू यादव की तूती बोलती थी तब भट्टी ने राजद विधायक दिलीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। उस समय विधानसभा का सत्र चल रहा था। जब सदन का सत्र चल रहा हो तो विधायक को गिरफ्तार करने के लिए स्पीकर की मंजूरी लेनी होती है। भट्टी उस समय बाढ़ के एएसपी थे। उन्होंने पटना के एसएसपी और डीएम को इसकी भनक तक नहीं लगने दी और ऐन सबेरे विधायक दिलीप सिंह (मोकामा के मौजूदा विधायक अनंत सिंह के बड़े भाई) को गिरफ्तार कर लिया था। भट्टी ने बिहार के दबंग नेता रहे प्रभुनाथ सिंह को भी कानून के शिकंजे में कसा था। 30 साल बाद एक बार फिर बिहार में कानून व्यवस्था पटरी से उतर गयी है। अभी डीजीपी का पद प्रभार में चल रहा है। एक पूर्णकालिक डीजीपी की नियुक्ति की जानी है। क्या नीतीश कुमार आर एस भट्टी यानी राजविंदर सिंह भट्टी को इस पद पर बुला कर कानून की हनक दिखाएंगे ?

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+