Bihar में नहीं थम रहा हथियारों का प्रदर्शन, कहीं राइफल तो कहीं तमंचे पर डिस्को, क्या बेबस है प्रशासन?
Bihar News: बिहार के विभिन्न ज़िलों से कार्यक्रमों के दौरान अश्लील गाने पर हथियारों के साथ डांस का वीडियो आये दिन वायरल होते रहता है। प्रशासन के संज्ञान में मामला जाता है, कार्रवाई की बात होती है फिर कुछ दिनों बाद बात ख़त्म हो जाती है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या दबंगों के आगे प्रशासन बेबस है।
बिहार के दो ज़िलों से हथियारों के प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से Viral हो रहा है। पहला वीडियो पूर्णिया जिला का है, जहां विश्वकर्मा पूजा के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम में अश्लील गाने पर पूरी रात तमंच पर डिस्को चलता रहा। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो विश्वकर्मा चौक (जानकीनगर थाना क्षेत्र) का है, जहां 19 सितंबर की रात सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ था। इसी दौरान अश्लील गाने पर हथियार लहराते हुए डांस हुआ था, जो कि अब वायरल हुआ है। वायरल वीडियो के बारे में स्थानीय लोगों ने कहा सांस्कृतिक कार्यक्रम में संस्कृति और भक्ति नहीं तमंचे के बल पर अश्लील डांस कराये गए। नर्तकी थक गई लेकिन तमंचे की नोक पर नचवाया गया।
वायरल वीडियो मामले में ओमप्रकाश ( इंस्पेक्टर, जानकीनगर थाना) ने कहा कि वीडियो संज्ञान में आया है। मामले की जांच हो रही है, दोषियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरा वीडियो दरभंगा ज़िले का वायरल हो रहा है, जहां राइफल लहराते हुए एक युवक डांस करते नजर आ रहा है।
बड़ागांव (जमालपुर थाना क्षेत्र) के इस वीडियो ने भी कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में दिख रहा युवक सरौनी गांव (बड़गांव ओपी थाना क्षेत्र) के रहने वाले शोभित मंडल का 35 वर्षीय पुत्र राकेश मंडल है। यह वीडियो भी विश्वकर्मा पूजा वाले दिन का ही है।
वायरल वीडियो मामले में श्याम कुमार मेहता (बड़गांव ओपी थाना प्रभारी) ने कहा कि मामला संज्ञान मे आया है। जांच के बाद ही मामला साफ होगा, कानून तोड़ने वालों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई होगी। किसी भी हाल में नहीं छोड़ा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications