Bihar में गुस्साए ग्रामीणों ने फूंका थाना; कई गाड़ियां जलकर राख, पुलिस दबिश के दौरान मौत पर बवाल
बिहार के मुजफ्फरपुर से बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि शराब के मामले में दबिश देने गई पुलिस के डर से भागते समय एक युवक की तालाब में गिरकर मौत हो गई। जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने गरहाँ थाने को आग के हवाले कर दिया है। आग के चलते थाने में खड़े कई वाहन जलकर खाक हो गए हैं और चौकीदार समेत कई पुलिसकर्मी भी घायल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम मुजफ्फरपुर की गरहाँ थाना पुलिस को गिरफ्तार किये गए दो अभियुक्तों से पूछताछ में रामपुर जयपाल में अवैध शराब की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस वहां रेड करने पहुंची। पुलिस के अनुसार रेड के दौरान टीम को वहां कुछ खास नहीं मिला और टीम वापस चली आई।

लेकिन उधर, दबिश के कुछ ही समय बाद बड़ी संख्या में अचानक ग्रामीण इखट्टे हुए और थाने के पास ही हाईवे को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस की दबिश के कारण एक युवक तालाब में कूद गया जिससे उसकी मौत हो गई है। पुलिस मामले को समझ ही रही थी कि इतने में भीड़ ने देखते ही देखते गरहाँ थाने को घेर लिया। इस दौरान वहां मौजूद चौकीदार ने भीड़ को समझाने और रोकने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण आक्रोशित थे।
Recommended Video
इसके बाद ग्रामीणों ने थाने में तोड़फोड़ शुरू कर दी और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी हमला बोल दिया। इतना ही नहीं बल्कि आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने में भी आग लगा दी। जिसके चलते थाने के मालखाने में खड़े जब्त वाहन समेत एक निजी वाहन जलकर राख हो गया। वहीं आग लगने के कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और बमुश्किल आग पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि जिस युवक की भागने के दौरान तालाब में डूबने से हुई मौत हुई है, उसका नाम चुन्नू राय है। वहीं प्राप्त सूचना के अनुसार आग लगने से थाना में रखी दो दर्जन से अधिक बाईक और दो पुलिस की गाड़ी जलकर राख़ हो गईं हैं। हालांकि, पुलिस ने पुलिस वाहन के जलने की बात को नकारा है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर कई थानो की फोर्स को तैनात कर दिया गया है। एसएसपी भी मौके पर मौजूद हैं। संवाद सूत्र: अभिषेक कुमार, मुजफ्फरपुर, बिहार












Click it and Unblock the Notifications