'10 दिनों में जान से मार दूंगा', बिहार चुनाव से पहले उपेंद्र कुशवाहा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने दी धमकी
Upendra Kushwaha death threat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज बिहार दौरे को लेकर राज्य का सियासी तापमान चढ़ा हुआ है। सीवान में एनडीए समर्थक बड़ी संख्या में जुटने की तैयारी कर चुके हैं। इसी बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने दावा किया है कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। उपेंद्र कुशवाहा को ये धमकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से मिली है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, ''10 दिन में जान से मारने की धमकी दी गई है। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, "कल मुझे 2-3 फोन कॉल्स और एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि मुझे 10 दिनों में जान से मार दिया जाएगा। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया।''

'एक पार्टी विशेष पर बोलते रहे तो अंजाम भुगतना पड़ेगा'
एक्स पोस्ट पर 19 जून को उन्होंने लिखा,
''आज शाम 8:52 PM से 9:20 PM के बीच मुझे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मोबाइल नंबर +916305129156 और +919229567466 से लगातार 7 धमकी भरे कॉल आए। साथ ही मोबाइल नंबर +917569196793 से 8 बजकर 57 मिनट पर MMS/SMS के माध्यम से कहा गया कि अगर राजनीतिक रूप से एक पार्टी विशेष पर बोलते रहे तो अंजाम भुगतना पड़ेगा, 10 दिन में खत्म कर देने जैसी बातें भी कही गई। SSP पटना तत्काल संज्ञान लें और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की धमकियाँ अस्वीकार्य है। इस पूरे व्यवधान को तुरंत समाप्त किए जाने की अपेक्षा है।''
बिश्नोई गिरोह की एंगल ने बढ़ाई हलचल
उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच शुरू हो चुकी है। हालांकि अभी तक धमकी देने वालों की पहचान नहीं हो पाई है। बिश्नोई गिरोह का नाम सामने आने के बाद पुलिस महकमा सतर्क हो गया है। गौरतलब है कि इसी गैंग का नाम कुछ अन्य हाई-प्रोफाइल मामलों में भी सामने आ चुका है। ऐसे में कुशवाहा को मिली धमकी को हल्के में नहीं लिया जा रहा।
बिहार चुनाव और पीएम मोदी के दौरे पर क्या बोले उपेंद्र कुशवाहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सीवान दौरे पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, ''सीवान के लोग आज प्रधानमंत्री के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। देशभर में जहां भी पीएम मोदी गए हैं, उन्होंने उस क्षेत्र को कुछ न कुछ विशेष उपहार जरूर दिया है। हमें उम्मीद है कि सीवान को भी कोई बड़ा तोहफा मिलेगा।''
बिहार चुनाव पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, ''एनडीए के अंदर सीटों का बंटवारा सहज तरीके से हो जाएगा। हमारा गठबंधन मजबूत है और विपक्ष के भ्रम में आने की कोई जरूरत नहीं है।''












Click it and Unblock the Notifications