Madhepura News: ‘रील नहीं रियल था, बस को रुकवाया और कर दिया कांड’, बदमाशों को कानून का डर नहीं!
Madhepura Kidnapping News: बिहार में अपराधियों के हौसले दिन पर दिन बुलंद होते जा रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न ज़िलों से हत्या, लूट, डकैती और किडनैपिंग जैसे मामले सामने आ रहे हैं। ताज़ा मामला बिहार के मधेपुरा जिले का है। जहां दिनदहाड़े एक स्कूली छात्र का फिल्मी अंदाज़ में अपहरण कर लिया गया।
स्कूली छात्र के किडनैपिंग मामले मे मिली जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने पहले बस को रुकवाया और फिर बस से यूकेजी के छात्र मयंक का अपहरण कर लिया। मौके पर मौजूद लोगों को लगा की कोई फिल्म की शूटिंग चल रही है, जब वारदात को अंजाम देकर बदमाश फ़रार हुए तो पता चला कि, यह रील नहीं रियल किडनैपिंग है।

घटना स्थानीय लोगों और प्रशासन के लिए एक बड़ा झटका है। बदमाशों ने हथियारों का इस्तेमाल करते हुए इस वारदात को अंजाम दिया है। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे करामा चौक के पास पांच बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर आए थे। यूकेजी का छात्र मयंक, जो आलमनगर स्थित कृष्णा बोडिंग स्कूल में पढ़ता था।
बदमाशों ने स्कूल बस को रोककर, बंदूक की नोक पर मयंक को अगवा किया। इस मामले में पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का उपयोग कर मामले की तफ्तीश में जुट गई है। अभी तक कोई फिरौती की मांग नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सज़ा दी जाए। ऐसा नहीं करने पर क्षेत्र में अपराध दर में बढ़ोतरी हो सकती है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर माता-पिता और स्कूल प्रशासन चिंतित हैं। इस तरह की वारदात से बच्चों की शिक्षा पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। लोगों में भी असुरक्षा का भाव पैदा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है, बच्चों की सुरक्षा को लेकर हम लोगों को और ज्यादा सतर्क रहने की ज़रूरत है। सरकार और प्रशासन को इस मामले में गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि इस तरह के वारदात दोबारा नहीं हों।












Click it and Unblock the Notifications