एक-दूसरे के संग रहने की जिद पर अड़ीं दो सहेलियां, दूल्हा-दुल्हन के लिबास में पहुंचीं SSP ऑफिस
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में दो युवतियों के बीच काफी समय चल रही दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों युवतियों के इस कदम की जानकारी परिवार में जिसे भी पता चली सभी ने अपने दांतों तले उंगलियां दबा ली। दोनों युवतियां एक दूसरे से शादी करने की जिद को लेकर मंगलवार को एसएसपी के ऑफिस में पहुंच गईं। दोनों लड़कियों की जिद देखकर पुलिस के तमाम आलाधिकारी समेत पूरा महकमा हैरान रह गया।

दूल्हा-दुल्हन के लिबास में SSP ऑफिस पहुंची
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला कुढ़नी थाना इलाके का है। यहां दो लड़कियां शादी करना चाहती थीं और समाज उन्हें रोकता था, इसलिए पुलिस से इजाजत लेने आ गईं। बता दें कि दो लड़कियां इस दौरान आपस में शादी की तैयारी में थीं। एक लड़की ने अपने बाल कटवा कर लड़के का लिबास पहन रखा था, तो दूसरी दुल्हन के लिबास में थी। लोगों की सूचना पर पुलिस ने कब्जे में लिया तो दोनों बताने लगे कानून उन्हें इजाजत देता है।

पुलिस ने दिलाया न्याय का भरोसा
कुढ़नी पुलिस भी चक्कर में पड़ गई और लड़कियों की जिद पर दोनों को एसएसपी कार्यालय लाया गया जहां कई बड़े अधिकारियों ने दोनों से लंबी पूछताछ की। पहली नजर में दोनों नाबालिग दिखाई पड़ती हैं लेकिन अपने इरादे से पीछे हटने को तैयार नहीं है। दोनों को फिलहाल महिला थाना पुलिस की देखरेख में भेज दिया है।

कानूनी प्रक्रिया का इंतजार
महिला थाना पुलिस उनकी उम्र का सत्यापन करा रही है और दोनों से मामले को लेकर पूछताछ भी की जा रही है। डीएसपी पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि गहन तहकीकात के बाद कानून जो इजाजत देगा उसके अनुकूल कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरा इलाका इस अजीबोगरीब वाकए से पेशोपेश में है और चर्चा का बाजार गर्म है।












Click it and Unblock the Notifications