Bihar News: नालंदा में टूटी रेल की पटरी से गुजरी कई ट्रेनें, टला बड़ा हादसा
बिहार शरीफ रेलवे स्टेशन करीब टूटे रेलवे ट्रैक से ही कई ट्रेनें गुजर गईं। जब स्थानीय लोगों की इस पर नजर पड़ी तो उन्होंने विभाग के कर्मचारी को इसकी सूचना दी।

Broken railway track in Nalanda: नालंदा में रविवार को रेल कर्मियों की बड़ी लापरवाही सामने आई। जिसका खामियाजा हजारों रेल यात्रियों को भुगतना पड़ सकता था। हालांकि गनीमत ये रही कि एक बड़ा हादसा जिससे होने वाले नुकसान का अंदाजा भी नहीं लगाया सकता टल गया। दरअसल, यहां घंटों टूटा रेलवे ट्रैक सही नहीं किया गया। ग्रामीणों की सूचना पर जब तक रेलवे कर्मचारी इसे ठीक करते कई ट्रेनें टूटे ट्रैक से ही गुजर चुकी थीं।
बिहार शरीफ रेलवे स्टेशन के चांदपुरा गांव के पास रेलवे ट्रैक आंशिक रुप से प्रभावित हुआ था। कथित रुप से ये सामने आया कि राजगीर बख्तियारपुर रेलखंड के चैनपुरा रेलवे क्रोसिंग के पास रेल की पटरी टूट गई थी। टूटी पटरियों पर कई ट्रेनें गुजर गई। स्थानीय लोगों की नजर टूटी पटरियों पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना गेटमैन को दी।
इसके बाद आनन फानन में बिहार शरीफ के स्टेशन प्रबंधक ने तकनीकी टीम के साथ मौके पर पहुंच कर प्लेट लगाकर टूटी पटरियों का मरम्मत करवाया। इसके बाद परिचालन शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मानें तो जब वह बाजार के लिए निकल रहे थे तो अचानक टूटी पटरियों पर नज़र पड़ी। जिसके बाद वहां मौजूद गेटमैन को इसकी सूचना दी।
हालांकि तब तक श्रमजीवी और एक एक्सप्रेस ट्रेन के साथ मालगाड़ी भी गुजर चुकी थी। रविवार होने के कारण लोकल ट्रेनों का परिचालन बंद था। नहीं तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं जा सकता था. वहीं, रेलवे अधिकारी सुधांशु कुमार निराला ने बताया कि गेटमैन के सूचना के उपरांत तकनीकी टीम मौके पर पहुंच पटरियों को प्लेट से जोड़कर परिचालन शुरू कर दिया गया है। इस दौरान कोई भी ट्रेन लेट नहीं हुई है। ठंड के मौसम में अक्सर पटरियों के टूटने की शिकायत मिलती है। ग्रामीणों के सजगता के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।












Click it and Unblock the Notifications