1 महीने में RSS के तीन शीर्ष पदाधिकारियों का बिहार दौरा, आखिर क्या है प्लान?
पटना, 7 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शीर्ष नेतृत्व बिहार को लेकर गंभीरता से विचार कर रहा है। इसका अंदाजा हाल ही में शीर्ष पदाधिकारियों के राज्य के दौरों से लग जाता है। एक महीने के भीतर तीन शीर्ष पदाधिकारी राज्य का दौरा कर चुके हैं जिसमें 9 सितम्बर को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का दौरा भी शामिल है।

Recommended Video
मंगलवार को आरएसएस में नंबर दो पर माने जाने वाले सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले राजधानी पटना में 'लोकेशनल कॉन्फ्लिक्ट इन पटना: अर्बन पॉलिटिकल ज्योग्राफी नामक पुस्तक' के लॉन्च के सिलसिले में पहुंचे थे। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की थी। इसी महीने में उन्होंने आरएसएस कार्यकर्ताओं और राज्य स्तर के पदाधिकारियों के साथ मुजफ्फरपुर में बैठक की थी।
होसबोले के साथ रामलाल भी पटना में
होसबोले के अलावा एक अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी रामलाल इस महीने की शुरुआत से ही पटना में थे। रामलाल को संगठनात्मक कौशल के लिए जाना जाता है और वह भाजपा में सबसे लंबे समय तक संगठन महासचिव जैसे शक्तिशाली पद पर रहे हैं। रामलाल को 2019 में वापस आरएसएस में बुला लिया गया था और वह संगठन की प्रचार और संचार विंग के प्रभारी हैं। रामलाल और होसबोले दोनों बुधवार शाम को क्रमशः रांची और दिल्ली के लिए रवाना हुए।
हालांकि आरएसएस से जुड़े लोगों का कहना है कि यह एक सामान्य और रूटीन यात्रा है जो कि संगठन के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं और नेताओं से संवाद स्थापित करने के लिए करते रहते हैं। इस दौरान वे विभिन्न क्षेत्रों की सम्मानित हस्तियों से भी मुलाकात करते हैं।
क्या है प्लान?
आरएसएस से जुड़े लोग भले ही इसे सामान्य यात्रा बता रहे हैं लेकिन ये समझा जा रहा है कि आरएसएस बिहार को लेकर गंभीर है। खासतौर पर लंबे समय तक सत्ता में भागीदार रहने के बावजूद भी अभी तक बीजेपी सत्ता में अकेले दम पर नहीं आ सकी है। वहीं भाजपा की सहयोगी जेडीयू के नेता नीतीश कुमार ने पिछले विधानसभा चुनाव को अपना आखिरी चुनाव बता चुके हैं। ऐसे में बीजेपी की नजर राज्य में बन रहे खाली स्पेस को भरने पर होगी। आरएसएस भी इस बात को समझ रहा है कि यही सही मौका है जब बीजेपी को राज्य में सहारे से हटाकर अपने पैरों पर खड़ा किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications