Bihar Today: 15 अगस्त पर पटना को मेट्रो का तोहफा, गांधी मैदान के आसपास बदली यातायात व्यवस्था
Bihar Hindi News Today- 15 August 2025: बिहार की राजनीति (Political) में हलचल हो या गवर्नमेंट (Government) का कोई बड़ा फैसला। विकास कार्यों की बात हो या जनता से जुड़े अहम कार्यक्रम- बिहार टुडे में आपको सबसे पहले मिलेगा राज्य से जुड़ा हर बड़ा अपडेट। आइए जानते हैं आज 15 अगस्त को क्या-क्या होने वाला है।
गयाजी की दीपशिखा लाल किले पर बनेंगी विशेष अतिथि
लक्खीबाग मानपुर कॉलोनी निवासी संतोष सिंह की बेटी दीपशिखा इस बार 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में लाल किले पर विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह क्षण न केवल गया, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है।

दीपशिखा को यह सम्मान 'प्रधानमंत्री युवा लेखक मार्गदर्शन योजना' के अंतर्गत मिला है। इस योजना के तहत उन्हें 3 लाख रुपये की राष्ट्रीय छात्रवृत्ति प्रदान की गई थी। उन्होंने 'भारतीय लोकतंत्र में आधी आबादी' नामक पुस्तक लिखी, जो भारतीय राजनीति में महिलाओं की स्थिति पर केंद्रित है।
पटना का गांधी मैदान स्वतंत्रता दिवस के लिए सजा
पटना के गांधी मैदान को 15 अगस्त समारोह के लिए तिरंगे के रंगों से सजा दिया गया है। मुख्य पंडाल, दर्शक गैलरी और लाउडस्पीकर टावर सभी तिरंगामय हो गए हैं। बारिश की संभावना को देखते हुए परेड और झांकियों के मार्ग पर लाल मोरंग बिछाई गई है ताकि बारिश में गाड़ियां न फंसें और कार्यक्रम बाधित न हो।
पटना पुलिस ने ट्रैफिक में किया बदलाव
पटना ट्रैफिक पुलिस ने 15 अगस्त को सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक गांधी मैदान के आसपास कई सड़कों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई है। गांधी मैदान आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग गेट से प्रवेश की व्यवस्था की गई है।
गेटवार प्रवेश और पार्किंग
- ई-पास धारक: गेट नं. 10 (एग्जिबिशन रोड)- निर्धारित पार्किंग स्थल।
- मीडिया: गेट नं. 9 (रिजर्व बैंक के सामने)- पास में पार्किंग।
- आम महिलाएं: गेट नं. 12 और 13।
- विद्यार्थी: गेट नं. 2, 3 और 4।
- आम नागरिक: गेट नं. 6 और 7।
- दो पहिया वाहन: गांधी मैदान के बाहर, उद्योग भवन के सामने सड़क किनारे।
नो-एंट्री वाले मार्ग
- फ्रेजर रोड: डाकबंगला चौराहा से गांधी मैदान।
- न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड।
- बुद्ध मार्ग: छज्जूबाग मोड़ से SDO आवास और जेपी गोलंबर।
- आयुक्त कार्यालय से जेपी गंगा पथ गोलंबर → केवल पासधारक वाहनों को अनुमति, अन्य को मरीन ड्राइव की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस पर 13 विभागों की झांकियां
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पटना के गांधी मैदान में 13 विभागों की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी, जिन्हें नीतीश सरकार ने मंजूरी दी है। इन झांकियों में सरकार के हालिया बड़े फैसले भी दिखाए जाएंगे, जैसे:
- सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि
- 125 यूनिट मुफ्त बिजली
- एक करोड़ नौकरी और रोजगार के लिए कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना
पटना को मेट्रो की सौगात
स्वतंत्रता की 78वीं वर्षगांठ पर पटना में मेट्रो के प्राथमिक कॉरिडोर पर परिचालन शुरू होगा। यह कदम यातायात समस्या को कम करने और सैकड़ों युवाओं को रोजगार देने में अहम साबित होगा।
रूट और स्टेशन
मलाही पकड़ी से न्यू आईएसबीटी तक 6.2 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में 5 स्टेशन होंगे:
- 1. मलाही पकड़ी
- 2. खेमनीचक
- 3. भूतनाथ
- 4. जीरोमाइलॉ
- 5. न्यू आईएसबीटी
शुरुआती चरण में खेमनीचक को छोड़कर बाकी चार स्टेशनों पर मेट्रो परिचालन होगा।
आधुनिक सुविधाएं
हर स्टेशन पर स्वचालित किराया संग्रह मशीन (AFC Gate), प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर, एस्केलेटर और स्वचालित सीढ़ियां, सुरक्षा गेट और CCTV नेटवर्क होंगे, जो यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications