Bihar Today: शेखपुरा में आज लगेगा जॉब कैंप, सीवान में आकांक्षा हाट का होगा आयोजन
Bihar Hindi News Today- 11 August 2025: बिहार की राजनीति (Political) में हलचल हो या गवर्नमेंट (Government) का कोई बड़ा फैसला। विकास कार्यों की बात हो या जनता से जुड़े अहम कार्यक्रम- बिहार टुडे में आपको सबसे पहले मिलेगा राज्य से जुड़ा हर बड़ा अपडेट। आइए जानते हैं आज ग्यारह अगस्त को क्या-क्या होने वाला है।
दरभंगा प्रेक्षागृह में प्रमंडल स्तरीय बिहार आइडिया फेस्टिवल आज
दरभंगा प्रेक्षागृह में 11 अगस्त को प्रमंडल स्तरीय बिहार आइडिया फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा करेंगे। इस फेस्टिवल का उद्देश्य राज्य भर से करीब 10,000 व्यवसायिक विचार एकत्रित कर नवाचार करने वाले स्टार्टअप्स की पहचान करना, उन्हें पूंजी और मार्गदर्शन देना तथा राष्ट्रीय मीडिया कवरेज के जरिए समर्थन प्रदान करना है। उद्यमी अपने बिजनेस आइडिया को स्टार्टअप पोर्टल पर अपलोड कर इस आयोजन में भाग ले सकते हैं।

बिहार के युवाओं के लिए नौकरी पाने का शानदार मौका
बिहार के युवाओं के लिए नौकरी पाने का शानदार मौका है। शेखपुरा जिले के सिरारी में 11 अगस्त को सुबह 11 बजे जनता हाई स्कूल परिसर में एक दिवसीय रोजगार सह-मार्गदर्शन कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इस कैम्प में देशभर की तीन बड़ी कंपनियां- Aamdhane Pvt. Ltd., SIS Security India Ltd., और LIC of India - मौके पर ही भर्ती करेंगी।
मुख्य जानकारी
- Aamdhane Pvt. Ltd.: एसोसिएट/असेंबली ऑपरेटर पद के लिए आयु 18-35 वर्ष, योग्यता 10वीं पास से ग्रेजुएट, वेतन ₹15,000-18,000 के साथ PF, ESIC और इंश्योरेंस की सुविधा।
- SIS Security India Ltd.: सिक्योरिटी गार्ड/सुपरवाइजर पद, वेतन ₹10,000-29,500, EPF, बोनस, ग्रेच्युटी और ESIC लाभ।
- LIC of India: बिमा सखी एजेंट पद, वेतन ₹7,000-15,000 और आकर्षक इंसेंटिव।
शर्तें:
- कैम्प में शामिल होने के लिए नियोजनालय में रजिस्ट्रेशन होना आवश्यक।
- उम्मीदवार सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, पंजीकरण कार्ड और बायोडाटा साथ लाएं।
- चयन प्रक्रिया कंपनियों की जिम्मेदारी होगी।
- यह मौका 10वीं पास से ग्रेजुएट तक के लिए उपयुक्त है।
11 से 14 अगस्त तक आकांक्षा हाट का आयोजन
सीवान में जिला प्रशासन की निगरानी में 11 से 14 अगस्त तक आकांक्षा हाट का आयोजन किया जाएगा। नीति आयोग की गाइडलाइन के तहत डीएम डॉ. आदित्य प्रकाश ने डीआरसीसी परिसर में इस कार्यक्रम को आयोजित करने का निर्देश दिया है। आकांक्षा हाट में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम, पेंटिंग और जीविका समूह द्वारा बनाए गए उत्पादों से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे।
सासाराम के आकाशदीप का स्वागत
रोहतास जिले के सासाराम के निवासी और भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप का 11 अगस्त 2025 को खुरमाबाद में भव्य स्वागत होगा। सुबह 10:30 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय लोग और क्रिकेट प्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। स्वागत के बाद, आकाशदीप अपने पैतृक गांव बड्डी के लिए प्रस्थान करेंगे।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम का हाल
बिहार में 11 अगस्त 2025 को भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है, जिसके चलते भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पटना सहित कई जिलों में तापमान 27 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम की ताजा जानकारी के लिए IMD की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।












Click it and Unblock the Notifications