बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए जदयू ने की तीन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा
पटना। अगले महीने बिहार विधान परिषद के चुनाव होने हैं इसके लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा शुरू हो चुकी है और बिहार की सियासत में हलचल मची हुई है। इस चुनाव के लिए जदयू ने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। जदयू नेता आरसीपी सिंह ने तीन नामों की घोषणा करते हुए बताया कि गुलाम गौस, भीष्म साहनी और कुमुद वर्मा विधान परिषद चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी होंगे। बिहार में 6 जुलाई को विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव होंगे। विधान परिषद की 9 सीटों में जदयू और आरजेडी के खाते में तीन-तीन सीटें हैं। भाजपा के खाते में दो और कांग्रेस के खाते में एक सीट है। बिहार विधानसभा में आरजेडी के 79, जदयू के 70, भाजपा के 54 विधायक हैं।

चुनाव से पहले नेताओं का दलबदल
बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक है और विधान परिषद के चुनाव भी होने वाले हैं। ऐसे में बिहार में नेताओं का इस दल से उस दल में जाने का सिलसिला जारी है। 16 जून को जेडीयू के पूर्व विधान पार्षद जावेद इकबाल अंसारी राजद में शामिल हुए। जदयू नेता रामनरेश सिंह की बेटी शगुन सिंह भी राजद में शामिल हुईं। अब मंगलवार को पांच पार्षद राजद छोड़कर जदयू में चले गए हैं।
पांच पार्षदों ने ज्वाइन की जेडीयू
नीतीश सरकार में कैबिनेट मंत्री अशोक चौधरी ने जीतन राम मांझी की जदयू में वापसी की अटकलों पर जवाब देते हुए यह कहा था कि राजद और कांग्रेस के कई नेता अपनी पार्टी छोड़कर जदयू में आने वाले हैं। उनकी यह बात तब सच निकल गई जब राष्ट्रीय जनता दल के 5 एमएलसी, राधा चरण सेठ, संजय प्रसाद, रणविजय सिंह, दिलीप राय और कमरे आलम ने जदयू ज्वाइन कर ली। बिहार के सियासी गलियारे में पांच पार्षदों का पार्टी छोड़ जाना तेजस्वी यादव के लिए झटका माना जा रहा है। पांच पार्षदों के पार्टी छोड़ने के अलावा राजद को एक और झटका तब लगा जब पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने इस्तीफा दे दिया।












Click it and Unblock the Notifications