शराब से हुई मौत पर तेजस्वी ने लगाए आरोप तो JDU ने कहा- पिता-पुत्र की राजनीति पर हलंत लग गया है
पटना। बिहार के गोपालगंज और बेतिया जिले में जहरीली शराब से हुई मौत के मामले को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसको लेकर नीतीश सरकार पर हमला बोला है। वहीं जदयू ने भी तेजस्वी के बयान पर पलटवार किया है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि उपचुनाव में मुख्यमंत्री की सह पर उनके मंत्रियों और पुलिस-प्रशासन ने मतदाताओं के बीच शराब बांटा। इसके अलावा तेजस्वी ने पूछा कि बिहार में किस बात की शराबबंदी है? इन मौत का जिम्मेदार कौन है? बिहार में 20 हजार करोड़ की अवैध तस्करी समानांतर ब्लैक इकोनॉमी के सरगना इस बात का सामने आकर जवाब दें।
Recommended Video

तेजस्वी यादव ने यह भी आरोप लगाया है कि अधिकांश शवों को पुलिस बिना पोस्टमार्टम के ही जला रही है। बिहार के 2 जिलों में गुरुवार तक जहरीली शराब के चलते 25 लोगों की मौत हो चुकी है। एक तरफ जहां गोपालगंज जिले में 17 लोगों की जान चली गई। वहीं बेतिया जिले में 8 लोगों की मौत हो गई। तेजस्वी यादव ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि इन चीख़ों का गड़बड़ DNA वाली NDA सरकार और तीन नंबरिया पार्टी के मुखिया पर कुछ फ़र्क नहीं पड़ता। जहरीली शराब से बिहार में दिवाली के दिन सरकार द्वारा 35 से अधिक लोग मारे गए। हाँ! किसी की सनक से बिहार में कागजों पर शराबबंदी है अन्यथा खुली छूट है क्योंकि ब्लैक में मौज और लूट है।
इसके अलावा उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मुख्यमंत्री गड़बड़ पर जब बड़बड़ प्रवचन दे रहे है तो इनके बगल में जो भाजपाई मंत्री खड़े है ना, उनके स्कूल के अंदर से दो ट्रक शराब बरामद हुई थी। पुलिस FIR में इसका ज़िक्र भी है। मंत्री के नामज़द भाई को आज तक बिहार पुलिस गिरफ़्तार नहीं कर सकी है। यह इनकी कथित शराबबंदी की सच्चाई है।
वहीं तेजस्वी यादव के लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि वह खुद हेलीकॉप्टर रखे हुए थे तो चुनाव आयोग को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी। नीरज कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव चुनाव हार गए हैं तो आरोप लगा रहे हैं। पिता-पुत्र की राजनीति पर हलंत लग गया है। बयान दिल्ली में बैठ कर दे रहे हैं। बिहार की जनता ने बिहार का उन्हें नेता प्रतिपक्ष तो बनाया है, लेकिन वह अपने दायित्व को भूल गए हैं। यही कारण है की तेजस्वी यादव के सारे आरोप हार की बौखलाहट से उपजे हुए दिखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications