लालू को बंधक बनाने के तेज प्रताप के आरोप पर बोले तेजस्वी, 'आडवाणी को बंधक बनाने वाले पर ये बात फिट नहीं होती'
लालू को बंधक बनाने के तेज प्रताप के आरोप पर बोले तेजस्वी, 'आडवाणी को बंधक बनाने वाले पर ये बात फिट नहीं होती'
पटना, 03 अक्टूबर: बिहार के प्रमुख विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में दरार अब दिखने लगी है। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि लालू प्रसाद यादव को दिल्ली में बंधक बनाया गया है। तेज प्रताप यादव के इन आरोपों का लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने जवाब दिया है। तेजस्वी यादव ने कहा,'' 74 वर्षीय पूर्व रेल मंत्री लालू यादव के लिए बंधक बनकर रहना उनके चरित्र को शोभा नहीं देता। बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को बंधक बनाने वाले लालू जी पर ये बात फिट नहीं होती है।'' तेज प्रताप यादव ने बिना नाम लिए अपने भाई तेजस्वी पर ही लालू यादव को बंधक बनाने का आरोप लगाया था।
Recommended Video

'इस तरह के आरोप लालू जी के व्यक्तित्व के साथ फिट नहीं होते हैं'
तेजस्वी यादव ने नई दिल्ली से लौटने के तुरंत बाद पटना हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ''लालू जी लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। उन्होंने दो पूर्व प्रधानमंत्रियों के चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने भाजपा के संरक्षक लाल कृष्ण आडवाणी की गिरफ्तारी का भी आदेश दिया था। इसलिए, इस तरह के आरोप राजद प्रमुख के व्यक्तित्व के साथ फिट नहीं होते हैं। उनका चरित्र ही ऐसा नहीं है कि उन्हें कोई कहीं रहने और बंधक बनकर रहने पर मजबूर कर दे।''

क्या तेज प्रताप भाई तेजस्वी पर निकाल रहे हैं कुंठा ?
जब पत्रकारों ने तेजस्वी यादव से पूछा कि क्या तेज प्रताप अपनी कुंठा निकाल रहे हैं? तो तेजस्वी ने सीधा जवाब नहीं दिया। सवाल को नजरअंदाज करते हुए तेजस्वी ने फिर से दोहराया कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को किसी भी प्रभाव में नहीं रखा जा सकता है।
तेज प्रताप ने पटना में अपने नवगठित छात्र जनशक्ति परिषद के एक शनिवार (02 अक्टूबर) को हुए कार्यक्रम के दौरान आरजेडी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। वहीं अपने छोटे भाई तेजस्वी का तिरस्कार करते हुए गंभीर आरोप लगाए थे।

तेज प्रताप बोले- 'लालू जी को पटना नहीं आने दिया जा रहा है क्योंकि...'
तेज प्रताप ने शनिवार को कहा था, ''लालू जी को पटना नहीं आने दिया जा रहा है और पार्टी का अध्यक्ष बनने का सपना देखने वाले उन्हें नई दिल्ली में बंधक बना रहे हैं। अप्रैल में जेल से रिहा होने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में कई महीने बिताने के बावजूद राजद प्रमुख को पटना नहीं आने दिया जा रहा है। मैं नाम नहीं लेना चाहता क्योंकि हर कोई उन्हें जानता है।''
बता दें कि लालू यादव फिलहाल अपनी बड़ी बेटी मीसा भारती के नई दिल्ली स्थित आवास में रह रहे हैं। हाल ही में बातचीत में उन्होंने कहा था कि वह जल्द ही पटना आएंगे और राज्य के हर जिले का दौरा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications