VIDEO: महिला सिंगर ने ऐसा क्या गा दिया की भड़क गए लालू के लाल! तेजप्रताप यादव ने खुलेआम लगाई फटकार
Tej Pratap Yadav: पटना में मकर संक्रांति (Makar Sankranti) के मौके पर तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) ने दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया। इस मौके पर उस वक्त माहौल गरमा गया, जब एक महिला गायिका ने भोजपुरी गाना गाने की कोशिश की। गाने की शुरुआत होते ही वहां मौजूद कुछ लोग झूमने लगे, लेकिन बात यहीं नहीं रुकी और इसके बाद जो हुआ वह अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
दरअसल, भोज के दौरान गाना-बजाना का इंतजाम किया गया था। इसी दौरान वहां मौजूद दर्शकों ने एक चर्चित भोजपुरी गीत की फरमाइश कर दी। गायिका ने जब गीत के बोल गुनगुनाने शुरू किए, तो माहौल में उत्साह बढ़ गया। हालांकि, जैसे ही बात तेज प्रताप यादव के समर्थकों तक पहुंची, उन्होंने गायिका को गाना रोकने के लिए कहा।

तेज प्रताप यादव ने खुद संभाला मोर्चा
गायिका ने सफाई दी कि वह गीत में कोई आपत्तिजनक शब्द इस्तेमाल नहीं करेंगी। इसके बावजूद जैसे ही उन्होंने गीत की पंक्तियां शुरू कीं, तेज प्रताप यादव खुद मौके पर पहुंच गए और तुरंत गाना रुकवा दिया। तेज प्रताप ने साफ शब्दों में कहा-
'वल्गर गाने नहीं गाइए, आज त्योहार का दिन है। केवल भक्ति गीत गाइए। कृष्ण भगवान का भजन गाइए।' इसके तुरंत बाद सिंगर ने गाना बदल दिया।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
मामला भले ही वहीं खत्म हो गया, लेकिन इसकी चर्चा अब सोशल मीडिया और सियासी गलियारों में तेज है। कुछ लोगों ने यहां तक कहना शुरू कर दिया कि ऐसे भोजपुरी गानों ने पहले भी राजनीतिक नुकसान पहुंचाया है। बताया जा रहा है कि यह वही गीत है, जो बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी विवादों में रहा था और जिसके कुछ बोल आपत्तिजनक माने जाते हैं।
दही-चूड़ा भोज बना सियासी संकेत
तेज प्रताप यादव के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान एक साथ बैठे नजर आए। तेज प्रताप खुद मेहमानों की अगवानी और व्यवस्था संभालते दिखे। उन्होंने लालू यादव और राज्यपाल को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। भोज के दौरान दोनों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।
लालू यादव की सेहत का रखा गया खास ख्याल
कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव की सेहत पर भी खास ध्यान दिया गया। तेज धूप से बचाने के लिए उनके चेहरे पर तौलिया रखा गया। लालू यादव के तेज प्रताप के घर पहुंचने को परिवार में जमी बर्फ पिघलने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, खासकर तब जब कुछ समय पहले उन्हें पार्टी और परिवार से बाहर करने की बात सामने आई थी।
तेजस्वी की गैरहाजिरी पर तंज
इस पूरे कार्यक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी को लेकर रही। जब इस पर सवाल किया गया तो तेज प्रताप यादव ने तंज कसते हुए कहा- 'तेजस्वी देर से उठते हैं, शायद बाद में आएं।' इस बयान को भाई-भाई के रिश्तों में खटास से जोड़कर देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications