बिहारः जगदानंद सिंह के इस्तीफे पर तेज प्रताप ने दिया बड़ा बयान
पटना। बिहार में इन दिनों सियासी भूचाल आया हुआ है। हर रोज बड़ी राजनीतिक उलटफेर होती हुई नजर आ रही है। शुक्रवार को उस वक्त सियासी हलचल मच गई जब राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि उन्होंने पत्र में इसका कारण शारीरिक अस्वस्थता बताई है। जगदानंद सिंह के इस्तीफे की खबर के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। वहीं जब तेज प्रताप दानापुर स्थित अपने एलआर शोरूम के उद्घाटन के मौके पर मौजूद थे तो प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के इस्तीफे को लेकर किये गए सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है। इसका उन्होंने ही खंडन कर दिया है। ऐसा कोई मामला भी नहीं आया है।

इसके अलावा तेज प्रताप ने कहा कि हमारे पिता जी से भी बात हुई है, उन्होंने भी कहा है कि इस्तीफा का कोई बात नहीं है। दरअसल, जगदानंद तेजप्रताप यादव द्वारा खुद को टारगेट किए जाने से नाराज चल रहे थे। वहीं इस मामले पर सूत्रों का कहना है कि लालू यादव इस पूरे मसले को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अपने पुराने साथी जगदानंद सिंह से फिलहाल पद पर बने रहने को कहा है।
हाल ही में 5 जुलाई को राजद ने पार्टी के 25वां स्थापना दिवस पर ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस दौरान तेज प्रताप यादव ने अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को टारेगट किया था। उन्होंने कहा था कि अंकल मेरे बात पर हाथ उठाकर सहमत नहीं होते हैं।
बता दें कि दो साल पहले लालू यादव ने पार्टी के नेताओं के विरोध के बावजूद जगदानंद सिंह को पार्टी की कमान सौंपी थी। जगदानंद सिंह लालू परिवार के काफी करीबी माने जाते हैं। वहीं, पार्टी को अपना इस्तीफा भेजने के बावजूद दोपहर तक जगदानंद सिंह पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष के कमरे में बैठे दिखे। मीडिया ने उनसे इस्तीफे को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने बस इतना कहा कि आप जो चाहे चला सकते हैं।
इसके अलावा उनसे जब पूछा गया कि क्या वो तेजप्रताप यादव के व्यवहार से दुखी हैं तो कहा कि ये सवाल उनसे पूछा जाना चाहिए। इस दौरान मीडिया ने जगदानंद सिंह से उनके इस्तीफे से जुड़े कई और सवाल किए, लेकिन किसी भी सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया।












Click it and Unblock the Notifications