Video:'सैयारा छोड़ सब लड़का-लड़की', फिल्म पर क्या बोले तेजू भैया? बिहार चुनाव की गहमागहमी के बीच हुआ वायरल
Tej Pratap Yadav on Saiyaara: बिहार के पूर्व मंत्री और विधायक तेज प्रताप यादव ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से अनुशासनहीनता के चलते निकाले जाने के बाद अब उन्होंने महुआ विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में ताल ठोक दी है। इससे न केवल तेजस्वी यादव को सीधी चुनौती दी है, बल्कि आरजेडी की चुनावी रणनीति में भी दरार डाल दी है। बिहार चुनाव की गहमागहमी के बीच तेज प्रताप यादव ने फिल्म 'सैयारा' को लेकर कुछ ऐसा कहा, जिससे उनका वीडियो सुर्खियों में आ गया है।
बॉलीवुड की फिल्म 'सैयारा' इन दिनों हर तरफ छाई हुई है। नए चेहरों अहान पांडे और अनीत पड्डा की इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़े हैं, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी इसकी चर्चा हो रही है। तेज प्रताप यादव उर्फ तेजू भैया ने एक मजेदार किस्सा साझा किया, जब वह थिएटर में 'सैयारा' देखने पहुंचे तो वहां का नजारा क्या था।

तेज प्रताप यादव बोले- 'हम सैयारा देखने थिएटर में जैसे ही अंदर गए, लड़का-लड़की...'
तेज प्रताप यादव ने एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा,
'एक नया सिनेमा लगा है, जिसके लिए लड़का-लड़की पागल हुआ है। सैयारा जो नया सिनेमा लगा है। हम देखे नहीं हैं, हम मॉल में गए तो देखे कि ऊपर में सिनेमा हॉल है, मैं गया और सिनेमा हॉल के मैनेजर को बुलाया और कहा कि चलो तो मुझे सैयारा दिखाओ तो, हम थिएटर में जैसे ही अंदर गए, सैयार मूवी छोड़कर सब लड़का-लड़की हमारे पास आ गया फोटो खिंचवाने। हम युवाओं का मुद्दा उठाते हैं इसलिए उनके बीच मशहूर हैं। हम जमीन से जुड़े नेता हैं, हेलीकॉप्टर में बैठकर एक जिला से दूसरे जिला में घूमने का शौक नहीं रखते हैं।'
तेज प्रताप यादव बोले- 'मेरी रगों में लालू यादव का खून बहता है'
पटना में चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने कहा, "उस नकली आदमी पर भरोसा मत करना जो बच्चों की तरह रोने लगता है...मेरी रगों में लालू यादव का खून बहता है। अगर आप मुझे वोट देंगे, तो ये जीत लालू यादव को ही मिलेगी। " तेज प्रताप ने इस बयान के जरिए खुद को अपने पिता की राजनीतिक विरासत का असली वारिस बताया।
बिहार विधानसभा चुनाव: तेजस्वी को खुली चुनौती: महुआ से निर्दलीय लड़ेंगे तेज प्रताप यादव
तेज प्रताप ने महुआ के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क निर्माण से लेकर मेडिकल कॉलेज तक के वादे उन्होंने पूरे किए हैं। उन्होंने दावा किया कि मेडिकल कॉलेज बनने से महुआ की पहचान बढ़ी है और यहां की जमीनों की कीमत भी बढ़ गई है। उन्होंने स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का वादा करते हुए कहा कि वे महुआ को जिला बनाने की दिशा में काम करेंगे ताकि प्रवास को रोका जा सके।
तेज प्रताप ने एक जनसभा को संबोधित किया जिसमें उन्होंने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा, "अगर वो (तेजस्वी) खुद को कृष्ण समझते हैं, तो बांसुरी बजाएं, जनता खुद देख लेगी असली कृष्ण कौन है और अर्जुन कौन!"
तेज प्रताप ने महुआ के मौजूदा आरजेडी विधायक मुकेश रोशन को "बहुरूपिया विधायक" कहते हुए आरोप लगाया कि "जब भी मैं महुआ आता हूं, वो रोने लगते हैं और खुद को साबित करने के लिए दौड़ पड़ते हैं।"
तेज प्रताप बोले- 'अब किसी पार्टी की जरूरत नहीं'
तेज प्रताप ने कहा कि वे अब किसी पार्टी की छांव में राजनीति नहीं करेंगे, क्योंकि वे खुद को "जनता का असली सेवक" मानते हैं। तेज प्रताप ने कहा कि उन्हें चुनाव लड़ने के लिए अब किसी पार्टी की जरूरत नहीं है।
तेज प्रताप पहले भी महुआ से विधायक रह चुके हैं। इस बार पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार को चुनौती देकर उन्होंने चुनावी समीकरणों को बिगाड़ दिया है। इससे न केवल वोटों का बंटवारा होगा, बल्कि विपक्ष को भी फायदा हो सकता है। तेज प्रताप यादव का ये फैसला बिहार चुनावों में आरजेडी के लिए एक नई राजनीतिक चुनौती बनकर उभरा है, जो आने वाले दिनों में और बड़ा रूप ले सकता है।












Click it and Unblock the Notifications