तेज प्रताप ने कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार को दिया समर्थन, RJD को लगा झटका
पटना। बिहार विधानसभा के दो सीटों पर होने वाले उपचुनाव में राजद के भीतर चल रहा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने विरोधी का रूख अख्तियार कर लिया है। इसी क्रम में तेज प्रताप ने अपने संगठन छात्र जनशक्ति परिषद के जरिये कांग्रेस को समर्थन देने की घोषणा कर अपनी पार्टी को चौंका दिया है। उन्होंने कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार अतिरेक कुमार को समर्थन देने का ऐलान किया है। वहीं तारापुर सीट पर राजद के उम्मीदवार अरुण कुमार को समर्थन देने का ऐलान किया है।

शनिवार को तेज प्रताप ने पत्र जारी कर कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों का अध्ययन करते हुए कांग्रेस के उम्मीदवार को समर्थन दिया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि छात्र जनशक्ति परिषद दोनों जगहों पर जोर-शोर से प्रचार करेगा और दोनों उम्मीदवारों को जिताने का काम करेगा।
तेज प्रताप यादव ने कुशेश्वरस्थान से कांग्रेस के उम्मीदवार को समर्थन देकर राजद की मुश्किलों को बढ़ा दी है। किसी दल का विधायक रहते हुए किसी दूसरी पार्टी के उम्मीदवार को खुलकर समर्थन करे की घोषणा को पार्टी में एक बड़ी अनुशासनहीनता मानी जाती है। अब यह देखना होगा कि राजद के आलाकमान इस फैसले पर क्या निर्णय लेते हैं।
बता दें कि लालू प्रसाद ने अपनी पटना यात्रा को रद्द कर दिया है। वहीं राबड़ी देवी भी दिल्ली पहुंच गई हैं। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद जी की तबीयत खराब है। वहीं इस फैसले के बाद से राजनीतिक चर्चाएं शुरू हैं। ऐसा लोगों का मानना है कि तेज प्रताप के विरोधी सुर के चलते लालू यादव ने अपनी यात्रा रद्द कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications