सुशील मोदी ने RJD में चल रही कलह पर साधा निशाना, कहा- राजद की सेहत ठीक नहीं है
पटना। राष्ट्रीय जनता दल में चल रही कलह को लेकर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने एक बार फिर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद पर पार्टी के बड़े राजकुमार के तीखे हमले दल के भीतर जारी संघर्ष का परिणाम है। सुशील मोदी ने कहा कि लालू की पार्टी सबको साथ लेकर नहीं चल पा रही है। सुशील मोदी ने इशारों-इशारों में तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि जगदानंद तो बहाना हैं, तेजप्रताप के निशाने पर कोई और है।

भाजपा नेता सुशील मोदी ने शुक्रवार को तीन ट्वीट कर राजद पर निशाना साधा है। पहला ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद पर पार्टी के बड़े राजकुमार के तीखे हमले दल के भीतर जारी सत्ता संघर्ष का परिणाम है। बड़ा भाई संगठन में अपने छोटे भाई को ज्यादा महत्व और पावर मिलने से उपजी हताशा में तीर जगदानंद पर चला रहा है, लेकिन असली निशाने पर कोई और है।
इसके अलावा दूसरा ट्वीट करते हुए लिखा कि राजद की आंतरिक लड़ाई में कौन औरंगजेब बन कर संगठन पर राज करेगा और कौन दारा शिकोह बनाया जाएगा, यह समय बताएगा। पार्टी की सेहत ठीक नहीं है, इसलिए वह जनहित के मुद्दों पर ध्यान नहीं दे पा रही है।
वहीं तीसरा ट्वीट करते हुए लिखा कि राजद में दिवंगत रघुवंश प्रसाद सिंह के बाद जगदानंद जैसे सीनियर, ईमानदार और प्रतिबद्ध व्यक्ति के साथ अमर्यादित व्यवहार जारी रहना एक बड़े वर्ग को आहत करने वाला है। इससे साफ है कि लालू प्रसाद की पार्टी सबको साथ लेकर नहीं चल पा रही। इसका नुकसान उठाना पड़ेगा।
बता दें कि पार्टी में जगदानंद सिंह और तेज प्रताप यादव में चल रही तनातनी को लेकर तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि, वह मेरे बड़े भाई हैं लेकिन हमारे माता-पिता ने हमें बड़ों की इज़्जत और सम्मान करना सिखाया है..लोगों में नाराजगी तो होती रहती है। उन्हें थोड़ा अनुशासन में रहना चाहिए। वहीं, बड़े भाई तेज प्रताप से मुलाकात ना हो पाने पर तेजस्वी ने सफाई दी है। तेजस्वी ने कहा, तेज प्रताप आये थे, हमारी उनसे मुलाकात भी हुई थी। लेकिन 4.30 बजे सोनिया गांधी की मीटिंग थी और मीटिंग में मुझे शामिल होना था।












Click it and Unblock the Notifications